DN Exclusive Interview: भाजपा विधायक जयमंगल कन्नौजिया का धमाकेदार इंटरव्यू: महराजगंज के विकास से जुड़े हर एक सवाल का बेबाक जवाब

सुभाष रतूड़ी

महराजगंज सदर विधानसभा का समग्र विकास मेरा लक्ष्य है। 2017 के बाद से विकास के नये आयाम लिखे गये है लेकिन अभी भी काफी बाकी है जिसे मैं हर हाल में पूरा करुंगा। यह कहना है महराजगंज सदर सीट पर लगातार दूसरी बार जीते भाजपा विधायक जयमंगल कन्नौजिया का। देखिये एक्सक्लूसिव इंटरव्यू:



नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित डाइनामाइट न्यूज़ के राष्ट्रीय मुख्यालय में पहुंचे महराजगंज सदर सीट पर लगातार दूसरी बार जीते भारतीय जनता पार्टी के विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा है कि उनका सपना है कि महराजगंज सदर विधानसभा पूरे प्रदेश में विकास के मामले में एक मॉडल विधानसभा बनकर उभरे। 

एक्सक्लूसिव इंटरव्यू की प्रमुख बातें:

बड़े कार्य और विकास का रोड मैप

1)    महराजगंज सदर से 2014 में पहली बार विधायक चुने जाने के बाद से मैंने जनपद के विकास से संबंधित कई कार्य किये। महराजगंज जनपद देश का आखिरी जनपद है। यह नेपाल से लगा जिला है। यहां अच्छी सड़कों का अभाव था। 2017 के बाद इस दिशा में काम हुआ। आज जनपद मुख्यालय समेत सभी जगहें अच्छी सड़कें हैं। 

2)    महराजगंज से चौक, शिकारपुर से घुघली, शिकारपुर से सिंदुरिया, महराजगंज से फरेंदा, महराजगंज से निचलौल समेत कई सड़कों की स्थिति बेहद जर्जर थी। 2017 में विधायक बनने के बाद मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने इन बदहाल सड़कों का मामला रखा, जिसके बाद कई सड़कों का उन्नयन हुआ। आज जनपद में टॉप और अच्छी सड़कें हैं।  

3)    महराजगंज जनपद ने विकास की रफ्तार पकड़ी हुई है। यहां रोडवेज अड्डा अंग्रेजों के जमाने का था। अत्याधुनिक रोडवेज अड्डे का भी जल्द उद्घाटन होगा। यहां मेडिकल की सुविधाएं नहीं थी। घुघली में मेडिकल सुविधा स्थापित कराई गई हैं। मुख्यालय में जल्द मेडिकल कॉलेज का भी शिलान्यास होगा। हमारी सरकार का एजेंडा विकास है। 

4)    लोगों के बीच में रहना। सभी के सुख-दुख में शामिल होना। लोगों की हर संभव मदद करने का प्रय़ास करता रहता हूं। इन सबके लिये भारत सरकार में वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का मेरे ऊपर सदा आशीर्वाद बना रहता है। वे महराजगंज से 6 बार के सांसद हैं। मैं उनको देखकर सीखता रहता हूं। प्रय़ास करता हूं कि मैं भी उनकी ही तरह और उनके बताये रास्ते पर चलूं।

डाइनामाइट न्यूज़ के नई दिल्ली मुख्यालय में देश के वरिष्ठ पत्रकार और एडिटर-इन-चीफ मनोज टिबड़ेवाल आकाश के साथ भाजपा विधायक जयमंगल कन्नौजिया

छह माह में दो बड़े काम

5)    महराजगंज में हाल ही जंगल सफारी की घोषणा हुई है। तीन-चार दिन पहले इसका उद्घाटन हुआ है। महराजगंज में उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जंगल सफारी होगा। महराजगंज में देवदह रामग्राम की स्थापना होने जा रही है। भगवान बुद्ध के ननिहाल देवदह रामग्राम भी महराजगंज में है। इसको विकसित किये जाने का कार्य हो रहा है, जिसके बाद महराजगंज को भारत के मानचित्र में नया सम्मान मिलेगा। 

हर साल भीषण बाढ़ की विभिषिका 

6)    मैंने 2017 में पहली बार चुनाव जीता। उसके बाद मैंने भी जनपद में बाढ़ की विभिषिका को देखा और झेला है। उसे देखकर मुझे भी बेहद दर्द हुआ। ये बार-बार न हो, इसके लिये मैं मुख्यमंत्री जी, सिंचाई मंत्री से मिला। बाढ़ से बचाव के लिये मैंने 8 करोड़ 65 लाख रुपये के बजट की संस्तुति कराई। जहां से बंधा टूटता था और बाढ़ आती थी, इस बजट से हमने उसे ठीक कराया। 

7)    दो जगह और थी, जहां से बाढ़ आती थी। एक राजगढ़ माता का स्थान और दूसरा जयपुर ग्राम सभा, जो हमारी विधानसभा का अंतिम गांव है। बाढ़ से बचाव के लिये इन दोनों जगहों के लिये बजट की संस्तुति लगभग हो चुकी है और इन दोनों स्थानों पर भी बाढ़ को रोकने की दिशा में जल्द कार्य शुरू होने जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कें

8)    वर्ष 2017 से पहले मुख्य जगहों को छोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की शिकायतें थी लेकिन 2017 के बाद हमने इस दिशा में बेहतर कार्य किये। अब ऐसी शिकायतें नहीं है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं केवल एक सड़क का कार्य बचा हुआ है, वो है सिंदुरिया से लेकर सिसवा तक वाली सड़क। वो भी पाइप लाइन में आ गया है। जल्द उसकी घोषणा, बजट और जारी होगा, जिसके बाद यह सड़क भी ठीक हो जायेगा। महराजगंज की सदर विधानसभा में केवल इस सड़क को छोड़कर कोई बाकी नहीं है। 

पिछले कार्य जो छूटे, जिसे करना चाहेंगे अब पूरा 

9)    कार्य बहुत सारे हैं। काम कभी पूरे नहीं होते। क्योंकि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, यह सिलसिला जारी है। क्षेत्र की सम्मानित जनता का जो भी आदेश होगा, जो भी वे चाहेंगे। हम उनकी समस्याओं को हर हाल में पूरा करने का प्रयास करेंगे।

अब तक के कार्यकाल में सबसे बड़ा काम

10)     महराजगंज में हमारा सबसे बड़ा काम रहा बिजली। हमारे क्षेत्र की कुछ बड़ी ग्राम सभाएं है। 75 साल देश को आजाद हुए हो गये। लेकिन यहां के लोग बिजली की समस्या से लगातार जूझ रहे थे लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों व आशीर्वाद से आज हर गांव-हर घर में बिजली है। अब ऐसा कोई टोला-मजरा नहीं है, जहां बिजली न हो। आज हम हर घर को बिजली दे रहे हैं, यह हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।   










संबंधित समाचार