कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, बर्फबारी की संभावना

कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कई डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी है लेकिन अधिकांश स्थानों पर यह जमाव बिंदु से ऊपर रहा तथा अगले कुछ दिनों में बर्फबारी होने का अनुमान है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 29 November 2023, 7:01 PM IST
google-preferred

श्रीनगर:  कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कई डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी है लेकिन अधिकांश स्थानों पर यह जमाव बिंदु से ऊपर रहा तथा अगले कुछ दिनों में बर्फबारी होने का अनुमान है। 

अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में आगामी कुछ दिनों में हल्की से मध्यम दर्जे की बर्फबारी की संभावना है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि केवल गुलमर्ग और पहलगाम के रिसॉर्ट क्षेत्र में ही न्यूनतम तापमान पिछली रात शून्य से नीचे दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 3.9 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री कम है।

अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में भी पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

उन्होंने बताया कि कोकरनाग शहर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर इस समय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है, जिसके परिणामस्वरूप केंद्र शासित प्रदेश के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश अथवा बर्फबारी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और शाम तक कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि रात के दौरान और बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

Published : 
  • 29 November 2023, 7:01 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement