
महराजगंज: जिलाधिकारी अनुनय झा ने गुरुवार को सपरिवार मुख्यालय पर लोहिया पार्क स्थित सरोवर पर अस्ताचल सूर्य का पूजन किया। जिलाधिकारी अपनी माता अलका झा, मौसी आभा झा व परिवारज के अन्य लोगों के साथ राम मनोहर लोहिया स्थित सरोवर पहुंचे। इस दौरान वे ठेकुआ व चावल के लड्डू, फल समेत अन्य पूजन सामग्री के साथ सूप को बांस की टोकरी में रखकर पीले रंग के पारंपरिक वस्त्र में नजर आए।
जिलाधिकारी ने सरोवर में किया स्नान
जिलाधिकारी अनुनय झा ने अपनी माता के साथ अस्ताचल सूर्य का विधि-विधान के साथ पूजन किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने सरोवर में स्नान किया और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और पुष्पांजलि अर्पित किया। उन्होंने अपनी माता के साथ विधि पूर्वक सूर्यदेव का पूजन किया। उनके साथ अन्य लोगों ने भी छठ पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने लोकमंगल और शांति की कामना की।
जनपद वासियों को दी छठ की शुभकामनाएं
जिलाधिकारी ने डाइनामाइट न्यूज से बातचीत के दौरान कहा कि वे सभी जनपद वासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हैं। छठ पर्व आस्था का महापर्व है और जनपद के सभी व्रतियों में इसको लेकर अपार उत्साह है। भगवान सूर्य और छठी माता सभी का कल्याण करें, यही कामना है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस को भी शांति व व्यवस्था को बनाए रखने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस अधीक्षक ने भी दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा भी जिलाधिकारी को छठ पर्व की शुभकामना देने सरोवर पर पहुंचे। उन्होंने भी सभी जनपदवासियों को छठ पर्व की बधाई दी।
जिलाधिकारी परिवारजनों के साथ छठ पूजन के तहत प्रातःकाल में फिर से उदयाचल सूर्य की उपासना के लिए सरोवर पर आएंगे। इस अवसर पर तहसीलदार सदर पंकज शाही, ओएसडी आर.पी. सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Published : 7 November 2024, 7:22 PM IST
Topics : celebrated Chhath puja Chhath Puja Celebration Chhath Puja in Maharajganj District Magistrate DM Anunaya Jha Maharajganj Chhath Puja छठ पर्व जिलाधिकारी लोहिया पार्क