विस्तारा फ्लाइट में उड़ान के दौरान एयर होस्टेस के साथ हुई ये गंदी बात, प्लेन की लौंडिंग होती ही यात्री गिरफ्तार, जानिये पूरा मामला

मस्कट-ढाका की मुंबई से होकर जाने वाली उड़ान में चालक दल की एक महिला सदस्य का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 30 वर्षीय एक बांग्लादेशी नागरिक को यहां गिरफ्तार किया गया।

Updated : 8 September 2023, 3:10 PM IST
google-preferred

मुंबई: मस्कट-ढाका की मुंबई से होकर जाने वाली उड़ान में चालक दल की एक महिला सदस्य का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 30 वर्षीय एक बांग्लादेशी नागरिक को यहां गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना विस्तार उड़ान के मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने से पहले बृहस्पतिवार को तड़के हुई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी की पहचान मोहम्मद दुलाल के रूप में हुई है और वह विस्तार की उड़ान से मस्कट से वाया मुंबई ढाका जा रहा था। मुंबई में विमान के उतरने से आधा घंटा पहले दुलाल अपनी सीट से उठा और उसने चालक दल की महिला सहायक को गले लगा कर चूमने की कोशिश की।’’

उन्होंने बताया कि जब चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह उनपर भड़क गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी यात्री ने उड़ान के कैप्टन की बात भी नहीं सुनी। कैप्टन उसके खिलाफ चेतावनी वाले रेड कार्ड के निर्देश पढ़ रहा था जिसमें उसे अनियंत्रित व्यवहार वाला यात्री घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि विमान के मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने के बाद यात्री को सुरक्षाबलों को सौंप दिया गया जो उसे सहार पुलिस थाना ले गए।

अधिकारी ने बताया कि चालक दल की सदस्य की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी यात्री को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे शुक्रवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

विस्तार के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘विस्तार की मस्कट से मुंबई तक चलने वाली उड़ान संख्या यूके 234 में छह सितंबर को एक अनियंत्रित यात्री के संबंध में एक घटना सामने आई थी। दुर्व्यवहार के मद्देनजर कैप्टन ने एक चेतावनी पत्र जारी किया और उसे रोकने का निर्णय लिया।’’

एयरलाइन अधिकारी ने कहा, ‘‘दिशानिर्देशों और हमारी सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत मौके पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियों को हवाई अड्डे पर पहुंचते ही तत्काल कार्रवाई करने के लिए सूचित किया गया था।’’

बयान में बताया गया कि यात्री को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा एजेंसी ने आगे की जांच के लिए हिरासत में ले लिया। वहीं, एसओपी के तहत घटना की सूचना स्थानीय अधिकारियों को दे दी गई।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘विस्तार, अपने ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा पर खतरा पैदा करने वाले अनियंत्रित व्यवहार को कतई बर्दास्त नहीं करने की नीति पर कायम है।’’

Published : 
  • 8 September 2023, 3:10 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement