हिंदी
नई दिल्ली: सफदरजंग अस्पताल के रेजिडेंट्स डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। एक मरीज ने बुधवार को एक रेजिडेंट्स डॉक्टर के साथ मारपीट की जिसके बाद उन्होंने हड़ताल कर दी।
इस हड़ताल से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल कब तक चलेगी इसकी कोई पुख्ता जानकारी अभी तक नहीं मिली है।
पढ़िये क्या है पूरा मामला
सफदरजंग अस्पताल की गायनी विभाग की पीजी सेकंड ईयर की डॉक्टर रुचि का कहना है कि वो बुधवार दोपहर ओपीडी में मरीजों का इलाज कर रही थीं। उसी समय एक महिला मरीज ने उनके साथ बिना वजह हाथापाई की। इस घटना के बाद आरोपी मरीज वहां से भाग गईं, लेकिन डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया। डॉक्टरों ने पहले अपनी शिकायत अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर ए. के. राय को दी।

डॉक्टर राय ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। डॉक्टर राय ने बताया कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है, लेकिन इसके बाद भी डॉक्टर काम पर नहीं लौटे हैं। उन्होंने कहा कि स्ट्राइक जारी है और सभी डिपार्टमेंट के डॉक्टर इसमें शामिल हैं।
रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि अस्पताल में सुरक्षित माहौल का अभाव है। डॉक्टर अपनी सुरक्षा को खतरे में डालते हुए काम नहीं कर सकते हैं।
Published : 24 August 2017, 10:10 AM IST
No related posts found.