दिल्ली: माता-पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद नाइजीरियाई नागरिक ने आत्महत्या की कोशिश की

दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक नाइजीरियाई नागरिक ने अपने माता-पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

Updated : 27 March 2023, 8:22 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: निहाल विहार इलाके में एक नाइजीरियाई नागरिक ने अपने माता-पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि नाइजीरियाई नागरिक दिनोजुओ (37) ने 18 मार्च को बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक इमारत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी।

घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें पीड़ित को कुछ लोग पीटते हुए दिख रहे हैं।

वीडियो की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो 18 मार्च की है।

उन्होंने बताया, 'वीडियो में दिख रहे शख्स ने उस दिन अपने माता-पिता को खो दिया था, और अवसाद में आकर उसने इमारत से छलांग लगा दी। वह घायल हो गया और मदद के लिए पहुंचे एक व्यक्ति से भिड़ गया। हालांकि, लोगों ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की और उसे मारा भी।’’

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि निहाल विहार थाने में घटना के संबंध में सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नाइजीरियाई नागरिक को घायल अवस्था में पाया गया, जो राहगीरों से मदद मांग रहा था।

उन्होंने बताया कि दिनोजुओ को इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, दिनोजुओ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्हें 18 मार्च को सूचना मिली कि उनके माता और पिता की उनके पैतृक गांव में एक दुर्घटना में मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि दिनोजुओ अवसाद में था और माता-पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद और दुखी हो गया। इसलिए, उसने इमारत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नाइजीरियाई नागरिक के पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक पड़ोसियों ने दिनोजुओ के बयान की पुष्टि की।

Published : 
  • 27 March 2023, 8:22 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement