हिंदी
नयी दिल्ली: उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में दो प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच कथित तौर पर हुई गोलीबारी में 13 वर्षीय एक किशोर घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि नाबालिग को जांघ में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और उनकी पहचान कर ली गई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमलावर सागर की तलाश में आए थे जिसके खिलाफ हत्या के दो मामले दर्ज हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने बताया कि हमलावरों ने झगड़े के बाद सागर पर गोली चला दी लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। इस दौरान गोली किशोर को लग गई जो पार्क में खेल रहा था।
घायल मूलरूप से बिहार का रहनेवाला है। वह दिल्ली में मदरसे में पढ़ाई करता है और इसके परिसर में ही रहता है।
पुलिस के अनुसार, सागर और उसके प्रतिद्वंदी गिरोह के सदस्यों को एक-दूसरे पर हमला करने को लेकर बीते वर्ष के जून में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें नवंबर में जमानत मिल गयी थी।
Published : 5 January 2024, 7:07 PM IST
Topics : अपराध गोलीबारी घायल जहांगीरपुरी नयी दिल्ली नाबालिग पुलिस
No related posts found.