हिंदी
नई दिल्ली: बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे के मद्देनजर देश की राजधानी दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक लाल किले को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। दिल्ली सेंट्रल के डीएम ने आदेश जारी कर कहा कि लाल किले के आसपास बर्ड फ्लू के संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। ASI की अनुमति के बाद लाल किला पर्यटकों व आम लोगों के लिए अनिश्चितकाल के लिये बंद कर दिया गया है।
दिल्ली आपदा प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लाल किला और आसपास के इलाके में बर्ड फ्लू के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए परिसर को आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद किया जा रहा है। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के डायरेक्टर की अनुमति से लाल किले को आम लोगों और पर्यटकों के लिए बंद किया गया है। आम जनता और पर्यटकों के लिये लाल किला अब अगले आदेश तक बंद रहेगा।
बता दें कि इससे पहले लाल किला इलाके में 14 कौवे और चार बतखों की मौत हो गई थी। बाद में सैंपल की जांच में इनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। आठ सैंपलों में बर्ड फ्लू के स्ट्रेन मिलने के बाद एनिमल हसबेंडरी डिपार्टमेंट ने दिल्ली में बर्ड फ्लू होने की बात को पुष्ट किया था।
दिल्ली के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी बर्ड फ्लू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक कई चिड़ियाघरों समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में बर्ज फ्लू के कारण सैकड़ों पक्षियों की मौत हो चुकी है। मृत पक्षियों के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टी भी हुई है। ऐहतियात के तौर पर ऐसी कई जगहों को पहले ही बंद किया जा चुका है।
Published : 2 February 2021, 4:11 PM IST
No related posts found.