Delhi Jam: आप के प्रदर्शन से दिल्ली जाम,आईटीओ, सीबीआई मुख्यालय के नजदीक यातायात प्रभावित

आम आदमी पार्टी (आप) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को यहां आईटीओ चौराहे के पास दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग बंद कर दिए जाने से यातायात प्रभावित रहा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 27 February 2023, 5:07 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को यहां आईटीओ चौराहे के पास दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग बंद कर दिए जाने से यातायात प्रभावित रहा।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से यात्रियों को इसकी जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘विशेष यातायात व्यवस्था के कारण मिंटो रोड से आईटीओ की ओर डीडीयू मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी जाती है।’’

यात्रियों ने भी ट्विटर पर यातायात की समस्या की शिकायत की। एक व्यक्ति ने कहा कि विकास मार्ग पर काफी यातायात है।

मोहित सिंह का कार्यालय सिविक सेंटर के पास है। उन्होंने कहा, ‘‘डीडीयू मार्ग पूर्वाह्न 11 बजे के आसपास बंद था जब मैं अपने कार्यालय की ओर जा रहा था। मुझे अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग लेना पड़ा।’’

पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड के कारण सीजीओ कॉम्प्लेक्स में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय के पास भी यातायात धीमा हो गया।

आप कार्यकर्ताओं और विधायकों ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ मध्य दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया। बाद में उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया।

केंद्रीय एजेंसी ने शराब की बिक्री से संबंधित दिल्ली आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में रविवार को आप नेता को गिरफ्तार किया। प्रदर्शनकारियों के भारी संख्या में जुटने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने डीडीयू मार्ग पर भाजपा मुख्यालय के आसपास के क्षेत्र में भारी बैरिकेडिंग कर दी थी, जहां आप और दिल्ली कांग्रेस के कार्यालय भी स्थित हैं।

Published : 
  • 27 February 2023, 5:07 PM IST

Related News

No related posts found.