हिंदी
नयी दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने बुधवार को कहा कि पार्टी जल्द ही ढांचागत बदलावों के साथ खुद को फिर से खड़ा करेगी और जो नेता दूसरे दलों में चले गए हैं, वो वापसी कर सकते हैं।
लवली ने कहा, ‘‘हम राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी को पुनर्जीवित करने और शहर के प्रत्येक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता की भावना को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इंतजार करें और देखें कि कितने नेता जिन्होंने पहले दलबदल किया था, वे कांग्रेस में लौटते हैं।’’
पूर्व मंत्री लवली को हाल में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
हाल के कुछ वर्षों में कांग्रेस छोड़ने वाले कुछ नेताओं में महाबल मिश्रा, प्रह्लाद सिंह साहनी, शोएब इकबाल, धनवती चंदेला, राजकुमारी ढिल्लों और सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू शामिल हैं।
जहां महाबल मिश्रा 2022 में दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए, वहीं 1998 से 2015 के बीच चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र से चार बार कांग्रेस विधायक रहे साहनी 2019 में आप में शामिल हुए।
कांग्रेस नेता शोएब इकबाल जनवरी 2020 में आप में शामिल हुए। चंदेला और ढिल्लों 2020 में विधानसभा चुनाव से पहले आप में शामिल हुए। तिमारपुर निर्वाचन क्षेत्र से दो बार के पूर्व कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू जुलाई 2019 में भाजपा में शामिल हुए थे।
Published : 6 September 2023, 5:57 PM IST
No related posts found.