हिंदी
नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के कुछ कार्यकर्ताओं और संगठन के नेताओं ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय के पास प्रदर्शन किया और उनकी सरकार में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाते हुए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग (डीडीयू) स्थित आप कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कुछ दूरी पर ही रोक लिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'हम भ्रष्ट केजरीवाल सरकार के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने अपने नौ साल के कार्यकाल के दौरान दिल्ली को लूटा है। भाजपा तब तक पीछे नहीं हटेगी, जब तक केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दे देते।'
भाजपा केजरीवाल सरकार के खिलाफ 'शराब घोटाला' सहित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर रही है। शराब घोटाले और भ्रष्टाचार के मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पार्टी के संसद सदस्य संजय सिंह जेल में बंद हैं।
Published : 12 October 2023, 4:02 PM IST
Topics : अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय नयी दिल्ली प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री संगठन
No related posts found.