उत्तराखंड: चमोली में फिर टूटा ग्लेशियर, BRO कैंप आया चपेट में, बचाये गये 291 लोग, हाई अलर्ट जारी

हिमालयी राज्य उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में फिर एक हिमस्खलन की घटना सामने आयी है। हिमस्खलन की चपेट में बीआरओ कैंप भी आ गया। अब तक 291 लोगों को बचाया गया है। पढिये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Updated : 24 April 2021, 8:33 AM IST
google-preferred

देहरादून/गोपेश्वर: उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में फिर एक बार हिमस्खलन की घटना सामने आयी है। नीति घाटी के सुमना में ग्लेशियर टूटने से इसकी चपेट में बीआरओ कैंप भी आ गया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार इस घटना में अब तक 291 लोगों को बचाया गया है। सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन वहां जारी है।

सुमना में ग्लेशियर टूटने के बाद ऋषिकेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि ग्लेशियर टूटने पर गृह मंत्री ने पूरी मदद का आश्वासन दिया है।

हिमस्खलन की घटना पर सीएम तीरथ सिंह रावत ने ट्विट कर कहा कि नीती घाटी के सुमना में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिली है। इस संबंध में मैंने एलर्ट जारी कर दिया है। मैं निरंतर जिला प्रशासन और बीआरओ के सम्पर्क में हूँ।

बताया जाता है कि चमोली जिले में जोशीमठ के पास सुमना क्षेत्र में शुक्रवार को भारी बर्फबारी हुई थी। भारी बर्फबारी के दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का एक कैंप भी हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इसके बाद अब तक 291 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। भारतीय सेना की मध्य कमांड ने इसकी जानकारी दी।

सीएम रावत ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने नीति घाटी के सुमना में ग्लेशियर टूटने की सूचना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड को पूरी मदद देने का आश्वासन दिया है और आईटीबीपी को सतर्क रहने के निर्देश दिये है।

सीएम रावत ने कहा कि जिला प्रशासन को मामले की पूरी जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दे दिए हैं। एनटीपीसी एवं अन्य परियोजनाओं में रात के समय काम रोकने के आदेश दे दिए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना ना होने पाये। 

हिमस्खलन की यह घटना सुमना से चार किलोमीटर आगे सुमना रिमखिम सड़क के पास हुआ है। ये घटना जोशीमठ-मलारी-गिरथिड़ोबला-सुमना-रिमखिम अक्ष पर शुक्रवार के दिन शाम के करीब 4 बजे घटी है।

घटना को लेकर अभी और विवरण का इंतजार किया जा रहा है। 
 

Published : 
  • 24 April 2021, 8:33 AM IST

Related News

No related posts found.