जी20 आयोजन के दौरान आगरा के बाजारों के तर्ज पर महराजगंज को विकसित करने का डीएम ने लिया निर्णय

महराजगंज नगर को आगरा के सुन्दर दिखने वाले बाजारों के तौर पर सजाने का निर्णय लिया गया है। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी खबर:

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 6 February 2024, 6:20 PM IST
google-preferred

 महराजगंज: जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि गोरखपुर–फरेंदा मार्ग पर मुख्य बाजार को एक मॉडल बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसमे विशिष्ट वेंडिंग जोन, शौचालय, पार्किंग, आकर्षक लाइटिंग सहित विभिन्न कार्य किए जायेंगे।

जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे बाजार को एक निर्धारित प्रारूप और रंग विन्यास के आधार पर विकसित किया जाएगा, जिसमे व्यापारियों और ग्राहकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी गंगा सागर यादव को निर्देश दिया कि मुख्य मार्ग पर पीडब्ल्यूडी के मानक के अनुसार सभी साइनेज को लगवाएं। साथ ही अस्थाई पार्किंग और चौराहों पर बोलार्ड लगवाएं, ताकि मुख्य बाजार को जाम की समस्या से मुक्त रखा जा सके।

उन्होंने नगर पालिका को उपयुक्त स्थल पर पार्किंग, शौचालय/मूत्रालय और वेंडिंग जोन का निर्माण सुनिश्चित करें। साथ ही सड़क के दोनो ओर आकर्षक पौधों को भी लगाने हेतु निर्देशित किया।

विद्युत विभाग को अनावश्यक तारों को हटाने और अन्य तारों को भूमिगत करने हेतु अनुमानित लागत के संदर्भ में आगणन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार  जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया की व्यापारी अतिक्रमण संबंधी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें और दुकानों के सामने कूड़ेदान भी अनिवार्य रूप से रखें। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों को अपने बिलबोर्ड को प्रस्तवित रंग विन्यास और प्रारूप में ही लगाना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मुख्य बाजार के सुंदरीकरण द्वारा नगर बाजार को एक आदर्श व्यवसायिक क्षेत्र के रूप में विकसित कर सकेंगे, जहां पर सभी आवश्यक सुविधाएं लोगों को उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त बाजार को एक आकर्षक रूप भी दिया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार हम जनपद के अन्य बाजारों के सुंदरीकरण हेतु एक आदर्श प्रस्तुत कर सकेंगे।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के प्रस्ताव पर सहर्ष सहमति व्यक्त करते हुए, सभी निर्देशों के शत–प्रतिशत अनुपालन का आश्वासन दिया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, डीसी राज्य कर आर.पी. चौरसिया, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी जी.एस. यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका महराजगंज आलोक कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No related posts found.