हिंदी
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर एक लड़की पर हमला किया और उसे बचाने आई उसकी मां को चाकू घोंप दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बाद में आरोपी पीड़ित लड़की के घर पहुंचा और उसकी छोटी बहन और पिता पर भी चाकू से वार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लड़की के परिवार ने दावा किया कि उसने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस ने बताया कि हमले में घायल परिवार के चारों सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उसने बताया कि लड़की की बहन की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-58 पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लड़की के भाई की शिकायत के अनुसार, आरोपी आकाश राजीव कॉलोनी का रहने वाला है और वह कुछ समय से उसकी बहन का पीछा कर रहा था।
सेक्टर-58 थाने के प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने कहा, “हमने आरोपी आकाश और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में आगे की जांच चल रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
Published : 4 July 2023, 8:56 AM IST
No related posts found.