सहारनपुर में महिला और पुरुष का शव मिला, एक की शिनाख्‍त नहीं

डीएन ब्यूरो

सहारनपुर जिले में दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक महिला और एक पुरुष का शव मिला है। दोनों की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार की शाम यह जानकारी दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

सहारनपुर में महिला और पुरुष का शव मिला
सहारनपुर में महिला और पुरुष का शव मिला


सहारनपुर (उप्र):  सहारनपुर जिले में दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक महिला और एक पुरुष का शव मिला है। दोनों की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार की शाम यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि दोनों शव एक दंपति का है। हालांकि, पुलिस मामले के विभिन्‍न पहलुओं की जांच कर रही है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्‍यु मांगलिक ने बताया कि जिले के थाना सरसावा के नानौता क्षेत्र में एक महिला सहित दो लोगों की हत्या कर दी गयी। उन्होंने बताया कि पुरुष के शव जलाने की कोशिश की गई है जबकि महिला की हत्या करके उसका शव नानौता क्षेत्र की कृष्णा नदी मे फेंक दिया गया था।

मांगलिक ने बताया कि महिला की शिनाख्त हो गयी है जबकि पुरुष की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के मुर्दाघर में रखवा दिया है। मांगलिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सहारनपुर के थाना सदर बाजार के अन्तर्गत दिल्ली रोड निवासी महिला किरण (40) रविवार से गायब थी। आज किरण का शव नानौता में कृष्णा नदी से बरामद हुआ। महिला के सिर पर वार किया गया है।

उन्‍होंने बताया कि मृतका का पति श्रीराम उर्फ मिंटू होमगार्ड है और दंपति दिल्ली रोड पर अपना मकान बनवा रहा था। रविवार शाम को दंपति अपने निर्माणाधीन मकान पर आया था और उन्हें हरियाणा के मुलाना अस्पताल में दवा लेने जाना था लेकिन वे रात से ही लापता थे।

उन्‍होंने बताया कि महिला के भाई ने आज सुबह अपनी बहन की गुमशुदगी की प्राथमिकी सदर बाजार थाना में दर्ज कराई थी।

मांगलिक ने बताया कि मृतका किरण का मोबाइल निर्माणाधीन मकान के पास ही पड़ा हुआ मिला है जबकि होमगार्ड श्रीराम का मोबाइल उसकी पत्नी के शव से दो किलोमीटर की दूरी पर मिला है।

इस बीच सरसावा पुलिस को एक पुरुष का शव उपलों की ढेर में जलता मिला। ऐसी भी आशंका है कि यह शव होमगार्ड श्रीराम का हो सकता है।

मांगलिक ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

 










संबंधित समाचार