Cyclone Yaas update: चक्रवात यास ने दिखाया प्रचंड रूप, बंगाल-ओडिशा के तटों से टक्कर, तेज हवाओं संग आंधी-तूफान

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान यास गंभीर तूफान में तब्दील हो गया है। कुछ घंटों के बाद यह ओड़िशा-बंगाल के तटों से टकराने वाला है। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में जानिये यास से जुड़ा ताजा अपडेट

Updated : 26 May 2021, 8:47 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान यास ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। गंभीर तूफान में तब्दील होने के बाद यास अगले कुछ घंटों में ओड़िशा-बंगाल के तटों से टकराने वाला है।मौसम विभाग के मुताबिक यह ओडिशा के भद्रक जिले के धामरा बंदरगाह से टकरा सकता है। तूफान के टकराने के पहले से बाद तक करीब छह घंटे तक इसका असर रहेगा। यास के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये गये हैं। कोलकोता एयरपोर्ट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। लाखों लोगों को तटीय क्षेत्रों से हटाकर सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया गया है।

ओडिशा में यास तूफान के कारण बालासोर समेत कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। चक्रवाती तूफान यास के दोपहर तक ओडिशा तट से टकराने का अनुमान है। दोपहर तक यह 130-140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हवाओं के साथ ओडिशा के तट पर टकराएगा। यास के पहुंचने से पहले ओडिशा में भद्रक के धामरा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। तूफान यास के नजदीक आने के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के दिघा में समुद्र में लहरें उठ रही है।

ताजा जानकारी के मुताबिक चक्रवाती तूफान यास से ओडिशा के भद्रक और बालासोर में सबसे ज्यादा तबाही की आशंका जतायी जा रही है। यहां अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि चक्रवाती तूफान आज (26 मई)  दोपहर तक उत्तर ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल में पारादीप और सागर द्वीप के तटों के बीच धामरा (Dhamra) से भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में गुजरेगा।

यास चक्रवात तूफान की वजह से खराब हुए मौसम के कारण कोलकाता एयरपोर्ट से आज (बुधवार) सुबह 8:30 बजे से उड़ने वाली फ्लाइट्स को शाम 7:45 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है। वहीं, भारतीय रेलवे ने ओडिशा-बंगाल की सभी ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है। तूफान के अलर्ट के कारण ओडिशा-बंगाल के अलावा बिहार एवं झारखंड की भी कई ट्रेनें रद्द की गई हैं।

यास तूफान के मद्देनजर कलकत्ता हाईकोर्ट ने 26 व 27 मई को सूचीबद्ध सभी मामलों की सुनवाई रद्द कर दी है। इन मामलों में आने वाले दिनों में संबंधित पीठ द्वारा सुनवाई होगी। दोनों दिन कोर्ट नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों को अनुपस्थित नहीं माना जाएगा।

Published : 
  • 26 May 2021, 8:47 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement

No related posts found.