हिंदी
ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने की कोशिश की। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार शांति नगर पुलिस थाने के निरीक्षक विक्रम मोहिते ने बताया कि सोमवार को हुई इस घटना के बाद व्यक्ति ने अपनी कलाई काट कर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया, जिसके बाद दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया।
अधिकारी ने बताया कि भिवंडी शहर के रहने वाले आरोपी और उसकी 21 वर्षीय पत्नी के बीच घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता था।
उन्होंने कहा कि सोमवार को व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर ब्लेड से हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की और बाद में उसने अपनी कलाई काट कर आत्महत्या का प्रयास किया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी और उसकी पत्नी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और धारा 309 (आत्महत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच जारी है।
Published : 7 June 2023, 4:48 PM IST
No related posts found.