Crime in UP: कन्नौज में रंजिश को लेकर पूर्व प्रधान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में चुनावी रंजिश को लेकर पूर्व प्रधान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जांच में जुटी पुलिस


कन्नौज: यूपी  के कन्नौज जिले में चुनावी रंजिश को लेकर भाजपा विधायक के करीबी पूर्व प्रधान अरुण शाक्य की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप वर्तमान प्रधान के लोगों पर लगाया जा रहा है। किसी बात को लेकर हुए विवाद में पूर्व प्रधान अरुण शाक्य को लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया, बीच बचाव करने गये उनके भाई नीलू और विजय को भी पीटा गया। घायल अरुण शाक्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

रोत-बिलखते पीड़ित परिजन

पीड़ित परिजनों का आरोप है पूर्व प्रधान ने वर्तमान प्रधान के भ्रष्टाचार को लेकर डीएम से शिकायत की थी, जिसके बाद वर्तमान प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए गए थे। इसी बात को लेकर तभी से दोनों के बीच रंजिश चली आ रही थी। मृतक प्रधान बुधवार को गांव के ही स्कूल में हैंडपंप का काम कराने गए थे। वहीं वर्तमान प्रधान के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक रंजिश को लेकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। 

आपको बता दें कि कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के नरुइआ गांव की वर्तमान में सरोजनी यादव प्रधान है। पूर्व प्रधान अरूण शाक्य ने मौजूदा प्रधान सरोजिनी यादव द्वारा कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत डीएम से की थी। जिसकी जांच के बाद डीएम ने प्रधान सरोजिनी यादव के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए और विकास कार्यों के लिए 3 सदस्य समिति का गठन कर दिया। बताया जा रहा है कि इस समिति में पूर्व प्रधान अरुण शाक्य को भी शामिल किया गया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। 

बुधवार की शाम पूर्व प्रधान गांव में ही प्राथमिक विद्यालय में हैंडपंप का काम करवा रहा था। तभी किसी बात को लेकर प्रधान से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में घायल हुए पूर्व प्रधान अरुण शाक्य की मौत हो गयी। अरुण शाक्य को बचाने आए भाई नीलू व विजय को भी पीट दिया। 

पुलिस ने घायल पूर्व प्रधान अरुण शाक्य को सीएचसी में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल में पूर्व प्रधान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

मामले की सूचना मिलते ही छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि दो पक्षों के मध्य झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हुई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।










संबंधित समाचार