
नयी दिल्ली: पूर्वोत्तर दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन इमारत से 33वर्षीय महिला का शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोनिया विहार इलाके में स्थित एक निर्माणाधीन इमारत के तीसरे पुश्ता में मीना गिरी नाम की महिला का खून से लथपथ शव मिला है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय तिर्की ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि महिला और उसके पति कृपा शंकर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आयोध्या के निवासी थे और दोनों मजदूरी करते थे।
उन्होंने बताया कि महिला शुक्रवार शाम सात बजे से लापता थी।
पुलिस ने कहा, ऐसा लगता है कि महिला का गला घोंटा गया और उसके सिर पर ईंट से वार किया गया। हालांकि, पोस्टमार्टम से मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
उसने बताया, इस मामले में संदिग्ध की पहचान सोनिया विहार निवासी मंजेश कुमार (30) के रूप में हुई है। मौके से फरार कुमार एक मजदूर है और वह उसी जगह काम कर रहा था जहां से महिला का शव मिला है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Published : 13 May 2023, 5:51 PM IST
Topics : Bnder construction Delhi police woman इमारत क्राइम दिल्ली निर्माणाधीन महिला