Crime in Delhi: नये साल के जश्न के बीच दिल्ली में दर्दनाक मौत, कार सवार लड़कों ने लड़की को 4 KM तक घसीटा

डीएन ब्यूरो

देश की राजधानी दिल्ली में नये साल के जश्न के दौरान एक दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। कार सवार 5 लड़के एक लड़की को 4 किलोमीटर तक घसीटते रहे, जिससे उसकी मौत हो गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

चार किलोमीटर तक लड़की को घसीटते रहे लड़के (फाइल फोटो)
चार किलोमीटर तक लड़की को घसीटते रहे लड़के (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के लोग जब नये साल का जश्न मना रहे थे, उसी समय राजधानी में कुछ लड़कों द्वारा एक दिल दहलाने वाली वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। शनिवार रात को नये साल की पार्टी मनाकर लौट रहे कार सवार 5 लड़के एक लड़की को 4 किलोमीटर तक घसीटते रहे, जिससे लड़की की मौत हो गई। बुरी तरह लहूलुहान लड़की को रविवार तड़के निर्वस्त्र हालत में सड़क किनारे से बरामद किया गया। सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली महिला आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी करने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को बीती शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे कंझावला इलाके में एक पीसीआर कॉल मिली। पुलिस को एक लड़की के निर्वस्त्र हालत में सड़क के किनारे पड़ी होने की सूचना दी गई।  

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम को बताये गये स्थान पर एक लड़की सड़क किनार लहूलुहान हालत में पड़ी थी। लड़की को कफी चोटें आईं थी। 

पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला कि करीब 20 साल की लड़की स्कूटी से अपने घर जा रही थी, उसी दौरान एक कार में सवार पांच लड़के रास्ते से गुजरे तो उनकी कार से स्कूटी का एक्सीडेंट हो गया। इसके बाद कार करीब 4 किलोमीटर तक लड़की को सुल्तानपुर से कंझावला इलाके तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान लड़की के शरीर से सारे कपड़े अलग हो गए। लड़की के शरीर में काफी चोटें आई थी, जिस कारण लड़की ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने जांच-पड़ताल और पूछताछ के बाद पांचों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक पांचों आरोपी नये साल की पार्टी मनाकर लौट रहे थे। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या लड़कों ने घटना के वक्त शराब तो नहीं पी थी? पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी जुटाने में जुटी है। 

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने इस मामले पर ट्विट कर कहा कि “दिल्ली के कंझावला में एक लड़की की नग्न अवस्था में लाश मिली, बताया जा रहा है कि कुछ लड़कों ने नशे की हालत में गाड़ी से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। ये मामला बेहद भयानक है, मैं दिल्ली पुलिस को हाज़िरी समन जारी कर रही हूँ। पूरा सच सामने आना चाहिए।“










संबंधित समाचार