हिंदी
संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कोरोना वायरस महामारी से दुनिया भर में 10 लाख से अधिक मौतें हाेने को ‘अत्यंत कष्टदायक मील का पत्थर’ बताते हुए कहा कि यह आकड़ा दिमाग को सुन्न कर देने वाला है।
अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार कोरोना से विश्वभर में अब तक 10 लाख 555 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं तीन करोड़ 32 लाख 73 हजार 720 लोग संक्रमित हुए हैं।
गुटेरेस ने एक बयान में कहा, “हमारी दुनिया एक अत्यंत कष्टदायक मील के पत्थर तक पहुंच गयी है। कोविड-19 महामारी से 10 लाख लोगों की जान चली गयी। यह दिमाग को सुन्न कर देने वाला आंकड़ा है। हमें किसी व्यक्ति के जीवन को कभी नहीं खोना चाहिए। वे माता-पिता, पति-पत्नी, भाई-बहन, दोस्त और सहकर्मी थे। इस महामारी की क्रूरता से दर्द कई गुना बढ़ गया है।
उन्होंने कहा, “और अभी भी वायरस के प्रसार, नौकरियों के नुकसान, शिक्षा में बाधा और हमारे जीवन में उथल-पुथल का कोई अंत नहीं है। हम इस चुनौती को पार कर सकते हैं लेकिन हमें गलतियों से अवश्य सीखना चाहिए। जिम्मेदार नेतृत्व मायने रखता है। विज्ञान मायने रखता है। सहयोग मायने रखता है और गलत जानकारी जान ले लेती है।”
गुटेरेस ने शारीरिक दूरी बनाये रखने, फेस मास्क पहनने और हाथ धोते रहने का आह्वान किया।(स्पूतनिक)
Published : 29 September 2020, 11:14 AM IST
Topics : Antonio Guterres Coronavirus COVID 19 एंटोनियो गुटेरेस कोरोना वायरस महासचिव संयुक्त राष्ट्र
No related posts found.