राहुल गांधी की सांसदी रद्द होने पर कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया, कहा- भारतीय लोकतंत्र ओम शांति, पढ़ें पूरा बयान

राहुल गांधी की सदस्यता खत्म किए जाने पर कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने कहा कि ‘भारतीय लोकतंत्र ओम शांति’’। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 24 March 2023, 3:03 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: राहुल गांधी की लोक सबा सदस्यता खत्म किए जाने के बाद कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने कहा ‘भारतीय लोकतंत्र ओम शांति।’’ कांग्रेस ने कहा उनकी लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस ने कहा कि हम खामोश नहीं होंगे, ‘अडाणी महाघोटाले’ पर जेपीसी की मांग करते रहेंगे। 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमने आज पांच बजे कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है जिसमें इस लड़ाई को आगे ले जाने की रणनीति तय करेंगे।

खरगे ने यह भी कहा कि यह सब इसलिए किया गया ताकि राहुल गांधी संसद में सवाल नहीं कर सकें, लेकिन राहुल और कांग्रेस डर कर चुप नहीं रहेंगे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘हम इस लड़ाई को कानूनी और राजनीतिक रूप से लड़ेंगे। हम धमकी के आगे नहीं झुकेंगे और खामोश नहीं होंगे। प्रधानमंत्री से जुड़े अडाणी महाघोटाले में जेपीसी बनाने के बजाय राहुल गांधी को अयोग्य ठहरा दिया गया। भारतीय लोकतंत्र ओम शांति।’’

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘राहुल गांधी जी की लोकसभा सदस्यता ख़त्म कर दी गई। वह आपके और इस देश के लिए लगातार सड़क से संसद तक लड़ रहे हैं, लोकतंत्र को बचाने की हर सम्भव कोशिश कर रहे हैं। हर षड्यंत्र के बावजूद वह यह लड़ाई हर क़ीमत पर जारी रखेंगे और इस मामले में न्यायसंगत कार्यवाही करेंगे। लड़ाई जारी है।’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि गांधी देश की आवाज हैं जो इस तानाशाही के खिलाफ अब और मजबूत होगी।

Published : 
  • 24 March 2023, 3:03 PM IST

Related News

No related posts found.