हिंदी
लखनऊ: यूपी के लखीमपुर खीरी हिंसा मामले को लेकर सियासी पारा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लखनऊ पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार दोपहर को यहां लखीमपुर हिंसा मामले के खिलाफ मौन व्रत शुरू कर दिया। प्रियंका गांधी की मांग है कि हिंसा के आरोपी आशीष मिश्रा के पिता केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को बर्खास्तगी किया जाये। उनके साथ कई नेता और कार्यकर्ता भी मौन धरना दे रहे हैं।

लखनऊ में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भी मौन धरना दे रहे हैं। प्रियंका गांधी समेत सभी कांग्रेसी लखीमपुर खीरी प्रकरण में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी की मांग को लेकर जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर मौन प्रदर्शन कर रहे हैं।

मौन व्रत शुरू करने से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर में किसानों के साथ घटी ह्रदय विदारक घटना में भाजपा सरकार आरोपियों को बचाने में लगी हुई। उन्होंने राज्य की योगी और केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा कभी नही हुआ जैसा भाजपा राज में हो रहा। प्रियंका ने कहा कि योगी सरकार हाथरस, उन्नाव, गोरखपुर लखीमपुर में आरोपियों के साथ खड़ी है। वह लखीमपुर मामले में न्याय न मिलने तक चुप नहीं बैठेंगी।
प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, आराधना मिश्रा, दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौन धरने पर बैठे हैं।
Published : 11 October 2021, 4:55 PM IST
No related posts found.