कांग्रेस ने बी. एन. चंद्रप्पा को नियुक्त किया कर्नाटक इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से महज चंद दिनों पहले कांग्रेस ने रविवार को बी. एन. चंद्रप्पा को पार्टी प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया।

Updated : 9 April 2023, 5:38 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: कर्नाटक विधानसभा चुनाव से महज चंद दिनों पहले कांग्रेस ने रविवार को बी. एन. चंद्रप्पा को पार्टी प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चंद्रप्पा को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रमुख डी. के. शिवकुमार हैं।

चंद्रप्पा की नियुक्ति आर. ध्रुवनारायण के स्थान पर की गई है, जिनका पिछले महीने निधन हो गया था।

कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 166 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। उनमें एक सीट पर कर्नाटक सर्वोदय पार्टी का उम्मीदवार है।

कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 124 उम्मीदवारों और दूसरी सूची में 42 उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति कम से कम चार बार बैठक कर चुकी है और उसने विधानसभा की सभी 224 सीट पर विस्तृत चर्चा की है, लेकिन 58 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा शेष है।

कांग्रेस कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सत्ता हथियाने की जी-तोड़ कोशिश कर रही है। दक्षिण भारत में कर्नाटक एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां भाजपा सत्ता में है।

कर्नाटक की 224-सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को चुनाव होंगे। चुनाव परिणाम की घोषणा 13 मई को की जाएगी।

Published : 
  • 9 April 2023, 5:38 PM IST

Related News

No related posts found.