

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपनी सरकार के 6 माह पूरे होने पर राज्य में किये गये कार्यों का ब्यौरा पेश किया।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपनी सरकार के 6 माह पूरे होने पर राज्य में किये गये कार्यों का ब्यौरा पेश किया। योगी ने इस दौरान जहां अपनी सरकार की पीठ थपथपाई वहीं राज्य की जनता के लिए कई नई घोषणाएं भी की।
राज्य की जनता पहले से ज्यादा सुरक्षित
लोकभवन में मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां का जनमानस खुद को पहले की अपेक्षा ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहा है। हमारे कार्यकाल में पुलिस का भी मनोबल बढ़ा है और अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने में हम सफल रहे हैं। छह महीने में 431 से अधिक मुठभेड़ हुईं जिसमें 17 अपराधी मार गिराए गए। इसके साथ ही 69 अपराधियों की संपत्ति जब्त की गईं जबकि दो दर्जन से अधिक जेल में बंद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पुलिस का मनोबल बढ़ाना बहुत बड़ी चुनौती थी, जिसे हमने इसको स्वीकार किया और आज यहां पुलिस फ्रंट पर आकर काम कर रही है।
पिछली सरकारों पर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बीते 15 वर्ष में नौकरी देने के नाम पर जमकर धांधली होती थी। सरकारी नौकरियों में चयन में भेदभाव होता था जिस कारण पात्र लोग वंचित रहते थे जबकि भाई-भतीजावाद के कारण अपात्रों को नौकरी मिल जाती थी। प्रदेश में इससे पहले तक नौकरियों में धांधली और अराजकता का माहौल था। हमने इसे रोकने के लिए साक्षात्कार समाप्त किया। समूह ग और समूह घ में हमने साक्षात्कार पूरी तरह खत्म कर दिया है। अब युवाओं को नौकरी मिलने में आसानी होगी।
10 लाख युवाओं को रोजगार
सीएम योगी ने घोषणा की कि इस वर्ष प्रदेश में 10 लाख युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार से जोड़ा जायेगा। स्किल डवलपमेंट के जरिये भी कई युवाओं के लिये रोजगार के द्वार खोले जायेंगे। युवाओं को प्रदेश में नौकरी देने की दिशा में सरकार बड़े स्तर पर काम कर रही है। रोजगार के लिए छह महीने में पुलिस भर्ती प्रक्रिया बढ़ाई गई है। हम आने वाले समय में पुलिस विभाग में 1.5 लाख भर्तियां की जायेंगी।
33 लाख अपात्र राशन कार्ड निरस्त
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने 33 लाख अपात्र राशन कार्डों को निरस्त किया और पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड दिया। सरकार की योजनाओं का गलत फायदा उठाने वालों की पहचान की गयी। इसके साथ ही 5000 से ज्यादा क्रय केंद्र खोले हैं। हमने 16 लाख परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया, जिसमें 6 लाख गरीबी रेखा से नीचे वाले परिवार हैं। 6 महीनों में यूपी देश मे सबसे अधिक राजस्व वृद्धि वाला राज्य बना है।
सरकार 22 करोड़ जनता की सेवा का संकल्प
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक अक्टूबर से सचिवालयों को ई-ऑफिस से जोडऩे का काम किया जायेगा यह आम जन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। हमने हर किसान को ट्यूबवेल कनेक्शन देने का ऐलान किया है। दस हजार सोलर पंप दिये। गन्ना किसानों का 95 फीसदी से अधिक भुगतान हो चुका है। आलू का पहली बार समर्थन मूल्य जारी हुआ है। हमारी सरकार 22 करोड़ जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
No related posts found.