छत्तीसगढ़: मैत्री बाग चिड़ियाघर में सफेद बाघिन ने दिया दो शावकों को जन्म

डीएन ब्यूरो

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मैत्री बाग चिड़ियाघर में एक सफेद बाघिन ने दो शावकों को जन्म दिया है। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

मैत्री बाग चिड़ियाघर में बाघिन ने दिया दो शावकों को जन्म
मैत्री बाग चिड़ियाघर में बाघिन ने दिया दो शावकों को जन्म


दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मैत्री बाग चिड़ियाघर में एक सफेद बाघिन ने दो शावकों को जन्म दिया है। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इन शावकों के जन्म के साथ ही भिलाई शहर में चिड़ियाघर में सफेद बाघों की संख्या 10 हो गई है।

चिड़ियाघर के प्रभारी एनके जैन ने बताया, ‘‘पिछले साल आठ सितंबर को 'रोमा' (9) नाम की सफेद बाघिन ने दो नर शावकों को जन्म दिया।’’

उन्होंने बताया कि आम जनता शुक्रवार को शावकों को देख पाएगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग (टीएसडी) के बागवानी अनुभाग द्वारा प्रबंधित मैत्री बाग चिड़ियाघर में 2023 में दूसरी बार सफेद बाघ शावकों का जन्म हुआ है।

अधिकारी ने बताया कि एक अन्य सफेद बाघिन 'रक्षा' ने पिछले साल 28 अप्रैल को तीन शावकों को जन्म दिया था, जिनका नाम 'रुस्तम', 'राणा' और 'बॉबी' रखा गया।

जैन ने कहा कि नए शावकों के जन्म से चिड़ियाघर में सफेद बाघों की कुल संख्या 10 हो गई है।

उन्होंने बताया, ‘‘सफेद रंग के फर और नीली आंखों वाले ये शावक अब लगभग पांच महीने के हो गए हैं।’’

जैन ने कहा, ‘‘बाघिन शावकों की देखभाल करते समय अत्यधिक सतर्क रहती है। अब तक बाघिन और शावकों को गुफा जैसा माहौल देने के लिए नियंत्रित रोशनी वाले बाड़े में रखा गया है। बाघिन अपना अधिकांश समय बच्चों की देखभाल में बिताती है। उसी के मद्देनजर बाघ शावकों के जन्म की खबर सार्वजनिक नहीं की गई।’’

उन्होंने बताया कि शावकों को एक बड़े बाड़े में छोड़ कर पांच जनवरी से जनता के देखने के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

जैन ने कहा, ‘‘1997 में, सफेद बाघों के एक जोड़े - तरूण और तापसी को पहली बार पड़ोसी ओड़िशा के नंदन कानन चिड़ियाघर से मैत्री बाग में स्थानांतरित किया गया था, जिसने 1999 में चार सफेद बाघ शावकों को जन्म दिया था।’’










संबंधित समाचार