Site icon Hindi Dynamite News

आजमगढ़ महोत्सव में भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह के स्टेज पर चढ़ते ही बवाल, चले जूते चप्पल

आजमगढ़ महोत्सव के आखिरी दिन रविवार की शाम भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह के स्टेज पर चढ़ते ही बवाल मच गया। लोग उन्हें देखने के लिए पागल हुये जा रहे थे। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
आजमगढ़ महोत्सव में भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह के स्टेज पर चढ़ते ही बवाल, चले जूते चप्पल

आजमगढ़: आजमगढ़ महोत्सव (Azamgarh Mahotsav) के अंतिम दिन रविवार की शाम भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह (Akshara Singh) के स्टेज पर चढ़ते ही बवाल मच गया। अक्षरा सिंह की एक झलक पाने के लिए भीड़ आपा खो बैठी। इस दौरान धक्का-मुक्की के बाद जूते-चप्पल चलने शुरू हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस भीड़ को शांत करने के लिए मशक्कत करने लगी तो दूसरी तरफ अक्षरा सिंह स्टेज से उतरकर ग्रीन रूम में चली गईं। करीब आधे घंटे बाद किसी तरह लोग शांत हुए तो अक्षरा दोबारा स्टेज पर आईं और एक से एक गीतों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

महोत्सव स्थल पर हंगामा 
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक शहर के हर्रा की चुंगी (Chungi) स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में बीती रविवार को आजमगढ़ महोत्सव का आखिरी दिन था। रविवार को अक्षरा सिंह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान रात करीब 9 बजे अक्षरा सिंह के आने का अनाउंसमेंट हुआ और वह स्टेज पर चढ़ती दिखाई दीं। इस दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। लोगों में एक दूसरे से आगे आने की होड़ लग गई। हर व्यक्ति अक्षरा सिंह को पास से देखना चाहता था। भीड़ बेकाबू होते ही महोत्सव स्थल पर हंगामा मच गया। धक्का मुक्की शुरू हुई तो ऐसा लगा जैसे समुंद्र की लहरें पीछे से स्टेज की तरफ तो कभी बाएं से दाएं हिलोरे मार रही हों। 

आधे घंटे रूका कार्यक्रम
पुलिस वालों ने लोगों को धक्का मुक्की से रोकने की कोशिश की तो हंगामा और बढ़ गया। एकाएक जूता-चप्पल भी चलने लगे। पुलिस बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मशक्कत करने लगी। इस दौरान अक्षरा सिंह स्टेज से ग्रीन रूम (Green Room) में चली गईं। कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक पुलिस (Police) लोगों को शांत करने में लगी रही। स्टेज से भी लोगों को शांत रहने और अपनी जगह से ही कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की गई। इसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और अक्षरा दोबारा स्टेज पर पहुंचीं। इसके बाद अक्षरा ने लोगों को अपने गीतों और लटके झटकों से झूमा दिया।

Exit mobile version