हिंदी
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में एक किराये के मकान में महिलाओं के वॉशरूम में लगे गीजर में एक खूफिया कैमरा पाए जाने के बाद एक महिला और उसके पुरुष साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक पुलिस ने बताया कि मकान मालिक ने मामले की सूचना दी थी।
उन्होंने बताया कि यह कैमरा कुछ दिन पहले घर में किराये पर रहने आई एक युवती द्वारा कथित तौर पर लगाया गया था, और इस घर में चार अन्य महिलाएं पहले से ही किराये पर रहती हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवती ने कथित तौर पर अपने पुरुष साथी के कहने पर यह कैमरा लगाया था और उसी ने उपकरण उपलब्ध कराये थे।
चंडीगढ़ पुलिस के पुलिस उपाधीक्षक गुरमुख सिंह ने बताया कि सेक्टर-22 में किराए पर रहने वाली एक युवती ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘पाया गया कि किराये पर रहने वाली महिलाओं में से एक ने कैमरे को लगाया था। हमने उसे और सेक्टर-20 में रहने वाले उसके पुरुष साथी को गिरफ्तार कर लिया है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘दोनों से विस्तार से पूछताछ की गई है। उनके मोबाइल फोन और उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी महिला ने बताया कि उसके पुरुष साथी ने उसे ऐसा करने के लिए कहा था। इस पूरे मामले के पीछे असली उद्देश्य क्या था, इसकी अभी भी जांच चल रही है।’’
Published : 30 November 2023, 10:53 AM IST
Topics : आरोप खुफिया कैमरा गिरफ्तार चंडीगढ़ पकड़ा पुरुष साथी पुलिस महिला
No related posts found.