सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाला मामले में पांच लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दायर किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

Updated : 14 July 2023, 7:42 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाला मामले में पांच लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दायर किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी आरोपी हैं।

उन्होंने बताया कि मामले में यह दूसरा पूरक आरोप पत्र है।

अधिकारियों ने बताया कि यहां एक विशेष अदालत के समक्ष दायर पूरक आरोप पत्र में सीबीआई द्वारा नामित पांच लोगों में ‘चैरियट प्रोडक्शंस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक राजेश जोशी और उनके कर्मचारी दामोदर प्रसाद शर्मा तथा प्रिंस कुमार शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि एजेंसी ने इंडिया अहेड न्यूज के ‘क्रिएटिव हेड’ अरविंद कुमार सिंह और आम आदमी पार्टी (आप) के स्वयंसेवी चनप्रीत सिंह रयात को भी नामित किया है।

अधिकारियों ने बताया कि इन सभी पर गोवा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के अभियान के लिए कथित घोटाले से जुटाये गये धन को खर्च करने का आरोप है।

सीबीआई ने रयात और अरविंद कुमार सिंह को मई में गिरफ्तार किया था, जबकि जोशी को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था और बाद में एक विशेष अदालत ने जमानत दे दी थी। ईडी मामले के धनशोधन पहलू की जांच कर रही है।

एजेंसी ‘आप’ नेता सिसोदिया और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र दायर कर चुकी है।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘जांच के दौरान, हवाला के जरिये 44.54 करोड़ रुपये (अनुमानित) की अवैध कमाई को गोवा में स्थानांतरित करने के संबंध में उक्त आरोपियों की कथित भूमिका पाई गई है।’’

 

Published : 
  • 14 July 2023, 7:42 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement