गुरुग्राम विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के खिलाफ महिला सहकर्मी के यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

गुरुग्राम विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर के खिलाफ महिला सहकर्मी के कथित यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला की शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया।

Updated : 2 May 2023, 10:19 AM IST
google-preferred

गुरुग्राम: विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर के खिलाफ महिला सहकर्मी के कथित यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला की शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया।

शिकायतकर्ता एक सहायक प्रोफेसर है। शिकायत के अनुसार गुरुग्राम विश्वविद्यालय में फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के डीन धीरेंद्र कौशिक पिछले चार महीनों से लगातार महिला का यौन उत्पीड़न कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद कौशिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत शनिवार को महिला थाना, सेक्टर 51 में प्राथमिकी दर्ज की गई।

महिला का आरोप है कि 21 अप्रैल को आरोपी ने उनकी कक्षा में आकर बदतमीजी की। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप था कि जब वह एक बार कक्षा में देर से पहुंची तो आरोपी ने उत्पीड़न करने की कोशिश की।

संपर्क करने पर, कौशिक ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया।

उन्होंने कहा कि उन्होंने काम में लापरवाही को लेकर शिकायतकर्ता को दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। उन्होंने कहा कि इसके बाद किसी ने महिला को उकसाया और उसने शिकायत की।

पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत अदालत में अपना बयान दर्ज कराया।

कौशिक के खिलाफ 2018 में भी पुलिस ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। वह उस समय कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर थे, लेकिन बाद में शिकायतकर्ता ने शिकायत वापस ले ली थी।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया जाएगा।

Published : 
  • 2 May 2023, 10:19 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement