हिंदी
नई दिल्ली: दिल्ली के तीनों निगमों के 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को गुरुवार को तगड़ा झटका लगा। राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनाव में भाजपा-अकाली गठबंधन के मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस की मीनाक्षी चंदीला को 14652 मतों के अंतर से हराया। दिल्ली में सत्तारूढ़ आप को बेहद अपमानजनक पराजय मिली जिसका प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहा और उसकी जमानत भी जब्त हो गई।

निगम चुनाव से ठीक दस दिन पहले आये उपचुनाव के नतीजे आप के लिए निराशाजनक रहे हैं। साल 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में जरनैल सिंह ने सिरसा को 10036 वोटों पराजित किया था। पंजाब विधानसभा के हाल में हुए चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए जरनैल सिंह ने इस्तीफा दे दिया था।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने चुनाव परिणामों पर चिंता जताते हुए कहा कि इलाके की जनता में जरनैल सिंह के इस्तीफा देने को लेकर नाराजगी थी। पार्टी ने जनता की नाराजगी दूर करने और समझाने की कोशिश की लेकिन परिणाम से यह आभाष होता है कि लोगों ने हमारी बात नहीं मानी। सिसौदिया ने कहा कि उपचुनाव परिणाम का दिल्ली के निगमों के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा और आम आदमी पार्टी पूरी शिद्दत के साथ अपने दो साल के कार्यकाल के दौरान जनता के लिए किए गए कार्यों के बूते पर विजयी होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हार की समीक्षा करेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनाव को पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप बताते हुए कहा कि इससे दिल्ली के मूड की झलक मिल रही है और हम निगमों के चुनाव में भी विजयी होंगे।
Published : 13 April 2017, 4:11 PM IST
Topics : अकाली दल इस्तीफा उपचुनाव उपमुख्यमंत्री चुनाव दिल्ली भाजपा मनीष सिसौदिया मनोज तिवारी राजौरी गार्डन
No related posts found.