हिंदी
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों के ग्राफ के बीच राज्य के बुलंदशहर में एक शर्मनाक और हैरान करने वाली वारदात सामने आयी है। यहां अमेरिका में पढ़ रही एक छात्रा मनचलों की छेड़खानी का शिकार हो गयी। छेड़खानी से बचने के प्रयास में छात्रा की बाइक से गिरने से दर्दनाक मौत हो गयी। कोरोना महामारी के चलते छात्रा हाल ही में अमेरिका से यहां लौटी थी।

इस शर्मनाक हरकत के कारण जान गंवाने वाली छात्रा का नाम सुदीक्षा भाटिया है। सुदीक्षा की इस खौफनाक मौत से यहां कोहराम मचा हुआ है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गयी है। अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर जोर-शोर से उनकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मूल रूप से दादरी निवासी सुदीक्षा कल अपने चाचा के साथ बाइक में बैठकर अपने रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इस दौरान औरंगाबाद में रास्ते में बुलेट सवार कुछ मनचलों ने उससे छेडख़ानी शुरू कर दी। मनचलों की छेडख़ानी के बचने के प्रयास में सुदीक्षा अपने चाचा की बाइक से नीचे गिर गई। सुदीक्षा के सिर पर काफी गंभीर चोटें आई और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार मनचलों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस शर्मनाक हादसे को लेकर कई नेताओं और सामाजिक संगठनों ने दुख जताया है और घटना की कटु निंदा की है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ती जा रही है।
Published : 11 August 2020, 11:33 AM IST
Topics : अपराध उत्तर प्रदेश छात्रा छेड़खानी जांच पुलिस बुलंदशहर मौत सड़क दुर्घटना
No related posts found.