
नई दिल्ली: शुक्रवार से संसद का बजट सत्र शुरू हो गया है। आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में वर्ष 2020-21 के लिए देश का इकोनॉमिक सर्वे (आर्थिक सर्वेक्षण) पेश किया है। सर्वे के मुताबिक इस वित्त वर्ष 2020-21 में जीडीपी ऋणात्मक रहेगी और इसमें 7.7 फीसदी की गिरावट आ सकती है। लेकिन अगले साल इसमें अच्छे सुधार का अनुमान है।
सर्वे में कहा गया है कि कोरोना महामारी और हफ्तों तक जारी लॉकडाउन की वजह से अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है। सर्वेक्षण पर कोरोना संकट का पूरा प्रभाव सामने आया है।
इकोनॉमिक सर्वे के मुताबिक अगले साल देश की अर्थव्यवस्था में अच्छा सुधार होने का अनुमान है। अगले वित्त वर्ष (2021-22) में जीडीपी में 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है।
इकोनॉमिक सर्वे में कहा गया है कि संकट को देखते हुए सरकार को अपना खर्च बढ़ाना होगा। सर्वे में प्राचीन राज-महाराजाओं के काल का उदाहरण देते हुए बताया गया है कि जैसे सूखे, अकाल आदि की आपदा के दौरान भारतीय राजा लोगों को रोजगार देने और निजी क्षेत्र की दशा सुधारने के लिए महल-किले आदि बनाते थे, उसी तरह के उपाय मौजूदा संकट में भी करना होगा। सरकार को इस समय खर्च ज्यादा करना होगा।
Published : 29 January 2021, 5:34 PM IST
Topics : budget Session Economic Survey finance minister Nirmala Sitharaman आर्थिक सर्वेक्षण राज्य सभा वित्त मंत्री