ब्रिटानिया ‘आधी आबादी’ को नौकरी में देगी आधी हिस्सेदारी

दैनिक उपभोग के सामान बनाने वाली कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज वर्ष 2024 तक अपने कर्मचारियों में महिलाओं की संख्या बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक ले जाने की योजना बना रही है। फिलहाल कंपनी में 41 प्रतिशत कर्मचारी महिलाएं हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 6 March 2023, 11:28 AM IST
google-preferred

मदुरै: दैनिक उपभोग के सामान बनाने वाली कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज वर्ष 2024 तक अपने कर्मचारियों में महिलाओं की संख्या बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक ले जाने की योजना बना रही है। फिलहाल कंपनी में 41 प्रतिशत कर्मचारी महिलाएं हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसारब्रिटानिया के विनिर्माण एवं कारखाना प्रमुख इंद्रनील गुप्ता ने  संवाददाताओं के साथ बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'ब्रिटानिया की देशभर में 15 अपनी विनिर्माण इकाइयां और 35 अनुबंधित एवं फ्रेंचाइजी इकाइयां हैं जिनमें लगभग एक लाख कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी 2024 के अंत तक महिला कर्मियों की संख्या मौजूदा 41 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर देगी।'

उन्होंने बताया कि फिलहाल कंपनी की मदुरै इकाई में लगभग 1,400 कर्मचारी काम करते हैं जिनमें से 65 प्रतिशत महिलाएं हैं। इस संयंत्र में महिला कर्मियों की संख्या अगले साल तक बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दी जाएगी।

गुप्ता ने महिला कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर जोर देने की वजह के बारे में पूछे जाने पर कहा, “महिलाएं स्वच्छता पर ज्यादा ध्यान देती हैं और खाद्य उत्पाद इकाइयों में नौकरी के लिए वे अधिक उपयुक्त होती हैं। इसके अलावा महिलाएं पुरुष कर्मचारियों की तुलना में अधिक अनुशासित भी होती हैं।”

उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों का अनुपात बढ़ने पर संयंत्र की क्षमता और उत्पादकता बढ़ी है। इसके अलावा नौकरी छोड़ने की दर में भी गिरावट आई है।

Published : 
  • 6 March 2023, 11:28 AM IST

Related News

No related posts found.