केरल के मालप्पुरम मे पंचायत कार्यालय में फंदे से लटका मिला स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता का शव

केरल के मालप्पुरम जिले में शुक्रवार को पंचायत कार्यालय परिसर में 55 वर्षीय एक स्थानीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Updated : 26 May 2023, 6:33 PM IST
google-preferred

मालप्पुरम: केरल के मालप्पुरम जिले में शुक्रवार को पंचायत कार्यालय परिसर में 55 वर्षीय एक स्थानीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यकर्ता का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान अब्दुर्रज्जाक के रूप में हुई है। उन्हें रज्जाक के नाम से जाना जाता था। रज्जाक के परिवारवालों ने बताया कि वह अपने घर के पास प्लास्टिक अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के खिलाफ लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिक्कल ग्राम पंचायत के कथित उदासीन रवैये से परेशान थे।

बताया जाता है कि शव के पास शिकायतों का एक पुलिंदा भी मिला। रज्जाक ने ये शिकायतें पंचायत को सौंपी थी। हालांकि, कोंडोट्टी में पुलिस अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विस्तृत जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकता है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘रज्जाक का शव आज सुबह पंचायत भवन के बरामदे में फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। लेकिन सटीक कारण का पता विस्तृत जांच से ही लग सकता है।’’

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रज्जाक ने प्लास्टिक अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के खिलाफ पंचायत को कई बार शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि, पुलिक्कल ग्राम पंचायत ने अभी तक आरोपों पर आधिकारिक रूप से प्रतिक्रिया नहीं दी है।

क्षेत्र में प्रसिद्ध सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यकर्ता रज्जाक कोंडोट्टी में मप्पिला कला अकादमी के पूर्व सचिव थे।

 

Published : 
  • 26 May 2023, 6:33 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement