राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रभारी प्रह्लाद जोशी का बड़ा बयान, जानिये क्या कहा

केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को यहां दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी राज्य में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 14 July 2023, 5:07 PM IST
google-preferred

जयपुर: केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को यहां दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी राज्य में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता के लिए झूठ बोलने का आरोप लगाया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राजस्थान का चुनाव प्रभारी नियुक्त होने के बाद पहली बार जयपुर आए केन्द्रीय मंत्री जोशी ने मीडिया से कहा,‘‘मैं पूरी उम्मीद व विश्वास के साथ कहता हूं भाजपा इस बार दो तिहाई बहुमत के साथ राजस्थान में सरकार बनाएगी।'

राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

जोशी ने कानून व्यवस्था व महिलाओं पर कथित अत्याचार जैसे मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,‘‘सत्ता पाने के लिए झूठ बोलना कांग्रेस के लिए बहुत आसान बन गया है। लोग यह समझ गए हैं। (राज्‍य में) पूरी कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कानून व्यवस्था नामक चीज ही नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ पूरे देश में 'महिला असुरक्षा' की बात की जाए तो यह सबसे अधिक राजस्थान में है। यह कांग्रेस सरकार की देन है।’’

जोशी ने कहा,‘‘ ये सभी मुद्दे लेकर हम लोगों के बीच जाएंगे। भाजपा की राजस्थान इकाई ने पहले ही कई कार्यक्रम शुरू किए हैं; आंदोलन शुरू किया है। कार्यक्रम सफल हो रहे हैं, लोगों की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी है। हम इन सब चीजों को और व्यवस्थित ढंग से लोगों के बीच लेकर जाएंगे (और आगामी विधानसभा चुनाव में) भाजपा की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे।’’

जोशी ने कहा,‘‘कांग्रेस पार्टी की एक पहचान है पहले वादा करना, बाद में भूल जाना। यह कांग्रेस का स्वाभाविक व्यवहार बन गया है, यह उसके डीएनए में आ गया है। यहां भी उन्‍होंने कर्जमाफी का वादा किया था जो अभी तक (पूरा) हुआ नहीं।’’

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मौजूद थे। जोशी ने बाद में पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया।

Published : 
  • 14 July 2023, 5:07 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement