सेंथिल बालाजी के गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने तमिलनाडु की द्रमुक सरकार पर साधा निशाना

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार के आरोप में बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक टिप्पणी का हवाला देते हुए विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे जिन राज्यों में सत्ता में हैं, वहां विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए ‘रेट कार्ड’ निधारित हैं।

सरकार (फाइल)
सरकार (फाइल)


नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार के आरोप में बिजली मंत्री वी सेंथिल बालाजी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक टिप्पणी का हवाला देते हुए विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे जिन राज्यों में सत्ता में हैं, वहां विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए ‘रेट कार्ड’ निधारित हैं।

भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बालाजी की गिरफ्तारी सबूतों पर आधारित है और यह अन्नाद्रमुक के पूर्व नेता से जुड़े मामले के बारे में उच्चतम न्यायालय की आलोचनात्मक टिप्पणी के बाद हुई है। द्रमुक में शामिल होने से पहले बालाजी अन्नाद्रमुक में थे।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर एम के स्टालिन भी बालाजी की तीखी आलोचना करते थे लेकिन जब वह सत्ता में आए तो उन्होंने समझौता कर लिया और आरोपी बालाजी द्रमुक में शामिल हो गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद द्रमुक सरकार ने बालाजी के खिलाफ सभी आरोप वापस ले लिये थे।

इस्लाम ने जहां मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार देश में 'सबसे नकारा और अक्षम' है।

संदिग्ध अधिकारियों के कार्यालयों में धन और सोने की छड़ें मिलने की घटनाओं सहित भ्रष्टाचार के अलावा महिलाओं और दलितों के खिलाफ कथित अत्याचार के मामलों का हवाला देते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित प्रदेश में ‘जंगलराज’ है और वह भ्रष्टाचार में लिप्त है।

राजस्थान के लिए भाजपा के प्रभारी सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए क्योंकि किसानों के लिए कर्ज माफी और युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ते के उनके वादे राज्य सरकार ने कभी पूरे नहीं किए।

उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राजस्थान में अपराधों की शिकार महिलाओं से कभी मुलाकात नहीं की।

इस्लाम ने बालाजी पर आरोप लगाया कि जब वह तत्कालीन मुख्यमंत्री जे जयललिता के नेतृत्व वाली अन्नाद्रमुक सरकार में मंत्री थे तो उन्होंने एक भर्ती अभियान के दौरान अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सरकारी नौकरियां देने के एवज में रिश्वत लिया था।

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि आरोपियों ने बड़ी राशि एकत्र की और फिर कुछ शिकायतकर्ताओं के साथ समझौता किया लेकिन जब एक अन्य व्यक्ति ने इस मामले में उच्चतम न्यायालय का रुख किया तब यह मामला फिर आगे बढ़ा।

मोदी की टिप्पणियों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों के भविष्य की रक्षा के लिए काम कर रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस, राजद और द्रमुक जैसी पार्टियों की राज्य सरकारों के पास नौकरियों के लिए रेट कार्ड हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को 70,126 नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद सरकारी नौकरियों में नियुक्तियों में ‘भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार’ को बढ़ावा देने के लिए ‘परिवारवादी’ राजनीतिक दलों पर निशाना साधा था और कहा कि देश अब यह तय करेगा कि ‘रेट कार्ड’ के जरिए उन्हें ‘लूटने वाले’ दलों के भरोसे नौजवानों का भविष्य आगे बढ़ेगा या फिर वह वर्तमान सरकार के ‘सेफ गार्ड’ (सुरक्षित हाथों में) में पनपेगा।

स्टालिन ने मंगलवार को ईडी की कार्रवाई के बाद भाजपा पर हमला बोलते हुए उस पर अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया था।

 










संबंधित समाचार