भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल से की मुलाकात, जानिये क्या हुई बात

डीएन ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और 11 अप्रैल को राज्य सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग की। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

भाजपा नेताओं ने झारखंड के राज्यपाल से मुलाकात की
भाजपा नेताओं ने झारखंड के राज्यपाल से मुलाकात की


रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और 11 अप्रैल को राज्य सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग की।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दीपक प्रकाश के नेतृत्व में गये प्रतिनिधिमंडल में दो पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और बाबूलाल मरांडी तथा दो अन्य नेता शामिल थे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार प्रकाश ने कहा, “हमने राज्यपाल को बताया कि किस तरह प्रशासन ने लोकतांत्रिक तरीके से राज्य सचिवालय का घेराव करने जा रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार की, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठी चार्ज किया। पुलिस कार्रवाई में पार्टी के कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हमारे समर्थकों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए।”

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने ‘पुलिस कार्रवाई और भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी मामले दर्ज करने की’ न्यायिक जांच की मांग की।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रकाश, दास और मरांडी सहित 41 भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस सप्ताह के शुरू में रांची में भाजपा के राज्य सचिवालय घेराव कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में धुर्वा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

धुर्वा पुलिस थाने ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सहित पांच भाजपा नेताओं को 22 अप्रैल को पूछताछ के लिए पेश होने के लिए नोटिस जारी किया।










संबंधित समाचार