हिंदी
खरगोन: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा आज मध्य प्रदेश में चौथे दिन पूर्वान्ह के समय खंडवा जिले के मोरटक्का से खरगोन जिले के मनिहार पहुंची।
गांधी और अन्य पदयात्रियों ने मोरटक्का में रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह अपनी यात्रा आरंभ की और लगभग 9:30 बजे वह खरगोन जिले के मनिहार पहुंच गए। यात्रा के दौरान बड़वाह के समीप 'टी ब्रेक' भी लिया गया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा राहुल गांधी की बहन प्रियंका वाड्रा मोरटक्का से पदयात्रा में शामिल हुई और वे बड़वाह के समीप टी ब्रेक के बाद अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ वाहन से इंदौर कूच कर गयीं। वे इंदौर से दिल्ली भी रवाना हो गयीं।
इसके पहले बड़वाह में टी ब्रेक के दौरान राहुल गांधी होटल के अंदर चले गए और यात्रा प्रभारी दिग्विजय सिंह कुछ पीछे रह गए।
दिग्विजय सिंह अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी धक्का-मुक्की वजह से वे लड़खड़ा कर गिर गये और कुछ लोग उनके ऊपर जा गिरे। हालांकि सिंह को वहां मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मचारियों ने तत्काल संभाल कर खड़े कर दिया गया। सिंह ने घटनाक्रम को लेकर वहीं पर नाराजगी भी जाहिर की। (वार्ता)
Published : 26 November 2022, 2:55 PM IST
Topics : कांग्रेस खंडवा खरगोन नेता भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश राहुल गांधी
No related posts found.