Bharat Jodo Nyay Yatra: मणिपुर में थौबल के निजी मैदान से शुरू होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की शुरुआत मणिपुर की राजधानी इंफाल की बजाय 14 जनवरी को राज्य के थौबल जिले के एक निजी मैदान से होगी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र
कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र


इंफाल: कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की शुरुआत मणिपुर की राजधानी इंफाल की बजाय 14 जनवरी को राज्य के थौबल जिले के एक निजी मैदान से होगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कांग्रेस के मणिपुर अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने कहा कि इंफाल के हट्टा कांगजेइबुंग मैदान से यात्रा शुरू करने की अनुमति मांगी गई थी लेकिन राज्य सरकार ने कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी। इस कारण अंतिम क्षण में कार्यक्रम स्थल में बदलाव करना पड़ा जो पूर्वनियोजित स्थल से 34 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने कहा,''हमने दो जनवरी को राज्य सरकार को प्रस्ताव दिया था कि इंफाल में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को हट्टा कांगजेइबुंग मैदान से हरी झंडी दिखाए जाने की अनुमति दी जाए। हमने यह भी घोषणा की थी कि यात्रा इंफाल से शुरू होगी और मुंबई में संपन्न होगी।''

राज्य के कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'हमने 10 जनवरी को इस संबंध में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से मुलाकात की थी लेकिन हमें बताया गया कि अनुमति नहीं दी जाएगी। बाद में उस रात एक आदेश जारी किया गया जिसमें हट्टा कांगजेइबुंग मैदान के लिए अनुमति तो दे दी गई लेकिन इसमें शामिल होने वाले लोगों की संख्या सीमित कर दी गई।''

मेघचंद्र ने कहा कि राज्य से कांग्रेस के एक दल ने फिर से मुख्य सचिव विनीत जोशी के साथ पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह और इंफाल पूर्व के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक के साथ मुलाकात की।

उन्होंने कहा,''हमें बताया गया कि कार्यक्रम स्थल पर 1,000 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी। अनुमति नहीं मिलने पर हम चिंतित थे। थौबल के उपायुक्त ने बृहस्पतिवार देर रात जिले के खोंगजोम इलाके में एक निजी मैदान से यात्रा को हरी झंडी दिखाने की अनुमति दे दी।''

मेघचंद्र ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे वहां से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

राज्य में कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन होने से यात्रा के मार्ग में कोई बदलाव नहीं होगा।

मणिपुर में यात्रा की 14 जनवरी से शुरुआत होने के बाद यात्रा 20 मार्च को मुंबई में संपन्न होगी। यह 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरते हुए 67 दिनों में 6,713 किमी की दूरी तय करने वाली है।










संबंधित समाचार