हिंदी
चंडीगढ़: पंजाब में भगवंत मान सरकार ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया तथा आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरमीत सिंह खुडियां और बलकार सिंह ने पंजाब में नए मंत्रियों के रूप में शपथ ली।
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने यहां राजभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक गुरमीत सिंह खुडियां (60) मुक्तसर की लांबी सीट से विधायक हैं। 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को उनके गढ़ में 11,396 मतों के अंतर से मात दी थी।
बलकार सिंह (60) जालंधर में करतारपुर आरक्षित सीट से विधायक हैं। सिंह एक पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। वह पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त होने के बाद 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए थे। चुनाव में सिंह पहली बार विधायक बने थे।
पंजाब में 14 महीने पुरानी मान के नेतृत्व वाली सरकार का यह तीसरा मंत्रिमंडल विस्तार है।
भगवंत मान सरकार ने जुलाई 2022 में अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया था, जिसमें पार्टी के पांच विधायकों को मंत्री बनाया गया था। इस साल जनवरी में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं पटियाला ग्रामीण से विधायक डॉ. बलबीर सिंह को मंत्री बनाया गया। उन्हें फौजा सिंह सारारी के इस्तीफे के बाद मंत्री बनाया गया था।
Published : 31 May 2023, 1:02 PM IST
No related posts found.