Site icon Hindi Dynamite News

बलरामपुर: दिव्यांग महिला से दबंग ने किया रेप का प्रयास, एसपी से न्याय की गुहार

थाना सादुल्लानगर क्षेत्र में बकरी चराने गयी एक दिव्यांग महिला ने उसी के गांव के प्रधान पुत्र पर उसके साथ बलात्कार करने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने का भी आरोप है। पूरी खबर..
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:

बलरामपुर: थाना सादुल्लानगर क्षेत्र के गांव में एक दिव्यांग महिला से बलात्कार करने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह घिनौनी हरकत गांव के प्रधान पुत्र ने की। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कार्यवाही नहीं की, जिसके बाद पीड़िता और उसके परिवार ने न्याय के लिये एसपी से गुहार लगाई है।

जानकारी के मुताबिक थाना सादुल्लानगर क्षेत्र के एक गांव में दिव्यांग महिला से प्रधान पुत्र ने उस समय दुराचार का प्रयास किया, जब वह नहर के पास बकरी चराने गई थी। पीड़िता का आरोप है कि जब वह शाम को बकरी चरा रही थी तो उसी समय प्रधान पुत्र कादिर पुत्र कल्लू आया और उसने पीडिता को जमीन पर पटक कर दुराचार करने का प्रयास करने लगा। शोर मचाने पर आस-पास के लोग आ गए, जिसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। 

पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उसकी तहरीर बदल दी है और उससे अंगूठा लगवा लिया। पीड़िता ने बताया कि गरीब होने के कारण पुलिस इस मामले की सुनवाई नहीं कर रही है जबकि विपक्षी दबंग व रसूखदार है। इसलिए उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इस मामले में सादुल्लानगर पुलिस ने आरोपी का केवल धारा 151 के तहत चालान किया। 

एसपी राजेश कुमार ने कहा कि इस मामले में पीड़िता की पहली तहरीर के आधार पर कार्यवाही की गई थी। लेकिन पीड़िता के दूसरा प्रार्थना पत्र दिया है, जिसकी गभीरता से लेकर जाँच करवाई जायेगी। जाँच के बाद दोषी पाये जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। 
 

Exit mobile version