
नई दिल्ली: पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में बलूच विद्रोहियों ने फिर एक बार बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पाकिस्तान में क्वेटा से ताफ्तान जा रहे सुरक्षाबलों के एक काफिले पर हमला किया गया। इस हमले में 8 सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि कई सैनिक घायल बताये जा रहे हैं।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी यानी BLA ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बता दें कि, BLA ने नौशकी में हमले को अंजाम दिया है।
किस तरह दिया घटना को अंजाम
डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के काफिले में 8 बसें थी। क्वेटा से 150 किलोमीटर की नौशकी में IID से भरी एक गाड़ी ने सेना के वाहन को टक्कर मार दी। ये एक फिदायिन हमला था। टक्कर होते ही एक गाड़ी जलकर खाक हो गई और उसमें बैठे सभी सैनिकों की मौत हो गई। वहीं BLA ने इस हमले में कम से कम 90 सैनिकों को मारने का दावा किया है, लेकिन पाकिस्तान 7-8 सैनिकों की मौत की बात कर रहा है। जबकि कई सैनिक घायल बताये जा रहे हैं। बीएलए ने बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदरी ली है।
पाकिस्तान के खिलाफ दूसरा बड़ा आक्रमण
बता दें कि, 5 दिनों के अंदर पाकिस्तान के खिलाफ BLA का दूसरा बड़ा आक्रमण है। इससे पहले 11 मार्च को BLA ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था और यात्रियों को बंधक बनाया था। कुछ यात्रियों को मार दिया गया था। 11 मार्च की इस घटना के बारे में दोबारा बताने से पहले हम आपको ये बताते हैं आखिर BLA है क्या और क्यों वो पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। क्या चाहते हैं बलूच विद्रोही और क्या है झगड़े की जड़।
BLA है क्या ?
बलूच विद्रोही बलूचिस्तान प्रांत के रहने वाले हैं। बलूचिस्तान प्रांत पाकिस्तान का सबसे बड़ा क्षेत्र लेकिन सबसे कम आबादी वाला प्रांत है। बलूच विद्रोही पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय सशस्त्र समूह हैं, जो बलूच लोगों की पूर्ण आजादी की मांग करते हैं और इनका सबसे प्रमुख संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) है।
ये संगठन 2000 के दशक से सरकार और सेना के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रहा है। बलूचिस्तान प्राकृतिक संसाधनों जैसे गैस, तांबा और सोने से समृद्ध है, लेकिन बलूच लोगों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार इनका शोषण करती है और उन्हें विकास से वंचित रखती है। बलूचिस्तान में विद्रोह की शुरुआत 1947 में पाकिस्तान के गठन से शुरू हुई थी।
पाकिस्तान से अलग करने की मांग
अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने की मांग कर रही है। इसके साथ ही BLA बलूच राजनीतिक कैदियों और कार्यकर्ताओं को रिहा करने की भी मांग कर रही है। इसी मांग को लेकर BLA ने 11 मार्च को क्वेटा से पेशावर जारी रही जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था। इस ट्रेन में लगभग 440 यात्री सवार थे। बीएलए ने इनमें से लगभग 50 फीदसी यात्रियों को बंधक बना लिया था। दो दिन तक चले ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान ने दावा किया कि बंधको को रिहा करा लिया गया है जबकि BLA ने 214 सैन्य बंधकों को मार डालने की बात कही।
इस हमले को लेकर BLA ने कहा कि पाकिस्तान की जिद के कारण उसे ऐसा करना पड़ा। उनकी मांग थी की पाकिस्तना बलूच कार्यकर्ताओं को रिहा करें। BLA के मुताबिक 48 घंटे तक जब पाकिस्तान में अपनी जिद नहीं छोड़ी तो उन्होंने 214 बंधको को मार दिया।अब रविवार को BLA ने सेना के काफिले आत्मघाती हमला करके अपने इरादे और स्पष्ट कर दिये हैं। पाकिस्तान के लिये बलूच विद्रोही बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। अब देखने वाली बात ये होगी कि आखिर पाकिस्तान इस चुनौती से कैसे निपटता है।
Published : 16 March 2025, 5:59 PM IST
Topics : Baloch Liberation Army Baloch rebels Balochistan Balochistan Liberation Army Pakistan Pakistan Train Hijack News terrorist attack train high jack Who are Baloch rebels