बैडमिंटन: मलेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में मारिन से हारी साइना नेहवाल

भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में साइना को स्पेन की कैरोलिना मारिन से हार का सामना करना पड़ा। डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट…

Updated : 19 January 2019, 4:14 PM IST
google-preferred

कुआलालम्पुर: साइना नेहवाल का मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में प्रभावशाली अभियान शनिवार को यहां महिला एकल सेमीफाइनल में ओलंपिक और विश्व चैंपियन कारोलिना मारिन ने थाम दिया। 

इससे पहले 2017 में यहां खिताब जीतने वाली 28 वर्षीय साइना 40 मिनट तक चले मैच में स्पेन की चौथी वरीयता प्राप्त मारिन से 16-21, 13-21 से हार गयी। इस तरह से सत्र के पहले विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट में भारतीय अभियान भी समाप्त हो गया। 

इस मुकाबले से पहले इन दोनों के बीच का रिकार्ड 5-5 से बराबरी पर था। साइना ने अच्छी शुरुआत की और 5-2 से बढ़त बनायी लेकिन मारिन ने आक्रामक तेवर अपनाये और लगातार सात अंक बनाकर ब्रेक तक 11-9 से बढ़त हासिल कर ली। साइना इसके बाद स्कोर 14-14 से बराबरी किया लेकिन मारिन ने इसके बाद भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया और 20 मिनट में पहला गेम अपने नाम किया। 

मारिन दूसरे गेम में हावी होकर खेली। उन्होंने शुरू में ही 6-1 से बढ़त बनायी और फिर ब्रेक तक वह 11-6 से आगे थी। साइना ने वापसी की कोशिश की लेकिन मारिन ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। इस स्पेनिश खिलाड़ी को आखिर में आठ मैच प्वाइंट मिले। साइना ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन मारिन ने अगली बार सीधे रिटर्न पर मैच अपने नाम किया। (भाषा)

Published : 
  • 19 January 2019, 4:14 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement