हिंदी
आजमगढ़: पुलिस ने आज यहां पहुंचे देश भर के कई कांग्रेसी नेताओं को जबरन नजरबंद कर दिया है। नजरबंद करने के दौरान कांग्रेसी नेताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी देखी गयी। कांग्रेसी नेताओं को सर्किट हाउस में कड़े पहरे में रखा गया है। पूरे सर्किट हाउस को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया हैं। कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ताओं ने यूपी की योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर इसके बाद तीखा हमला बोला है।

आज यहां पहुंचने पर नजरबंद किये गये नेताओं में कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सांसद पीएल पुनिया, बृजलाल खाबरी, आलोक प्रसाद समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकरता हैं। सभी को सर्किट हाउस में नजरबंद किया गया।
देश भर के कांग्रेसी नेता आज यहां दलित ग्राम प्रधान सत्यमेव जयते के शोकाकूल परिजनों से मिलने आये थे। कुछ दिन पहले ही तीन बाइक सवार बदमाशों ने दलित प्रधान सत्यमेव जयते की हत्या कर दी थी। प्रधान की हत्या के बाद से यहां राजनीतिक माहौल गरमा सा गया है।

प्रधान के परिजनों से मिलने आये कांग्रेसियों को पुलिस द्वारा रोके जाने से पार्टी में भारी नाराजगी है। अपने नेताओं के नजरबंद किये जाने के बाद नाराज महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नितिन राउत वाराणसी एयरपोर्ट से आज़मगढ़ के लिए रवाना हुए। दलित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन राउत के साथ पूर्व मंत्री आरके चौधरी, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद, राष्ट्रीय प्रभारी प्रदीप नरवाल भी आज़मगढ़ के लिए रवाना हो गये हैं।
सर्किट हाउस में नजरबंद नेताओं द्वारा यूपी के सीएम योगी और पीएम मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। नजरबंद किये जाने के दौरान कांग्रेसी नेताओं और पुलिस में जबरदस्त टकराव भी देखने को मिला। प्रधान की हत्या का यह मामला अब यहां नया राजनीतिक रंग लेता हुआ दिखाई दे रहा है।
Published : 20 August 2020, 4:05 PM IST
No related posts found.