हिंदी
नयी दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने बुधवार को कहा कि वह कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच 'संवादहीनता' दूर करने की दिशा में काम कर रहे हैं और राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के 'पुराने दिन' जल्द ही लौटेंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई के पुनर्गठन के उद्देश्य से नियुक्त समन्वयक जिला और प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं और उनकी चिंताओं को दूर कर रहे हैं।
लवली का कहना है, ‘‘कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच एक तरह की संवादहीनता है। फिलहाल हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम उन कार्यकर्ताओं के साथ बैठें और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान करें। नवनियुक्त समन्वयक जमीन पर काम कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं। उम्मीद है कि यह संवादहीनता जल्द खत्म हो जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के पुराने दिन जल्द लौटेंगे।’’
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी संगठन के पुनर्गठन में मदद के लिए पिछले महीने दिल्ली के सभी सात लोकसभा क्षेत्रों के लिए समन्वयक नियुक्त किए थे।
लवली ने दावा किया, ‘‘हाल ही में दिल्ली कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी में लौटने के लिए हमसे संपर्क किया था... कई अन्य नेता जिन्होंने पहले दलबदल किया था, वे भी जल्द ही पार्टी में लौटेंगें।’’
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नवंबर से महत्वपूर्ण बैठकें करेगी और वह हर प्रखंड का दौरा करेंगे और सभी कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे।
Published : 4 October 2023, 6:53 PM IST
No related posts found.