Anil Vij Vs Nayab Singh Saini: अपनी ही सरकार से क्यों नाराज़ हुए अनिल विज? देखिए CM नायब सैनी पर कैसे कसा तंज

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज अपनी ही सरकार से नाराज़ हो गए हैं और उन्होंने सीएम नायब सिंह सैनी पर भी तंज कसा है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ पर पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 31 January 2025, 7:04 PM IST
google-preferred

अंबाला: ''नायब सिंह सैनी जब से मुख्यमंत्री बने है, तब से उड़न खटोला पर हैं, नीचे उतरे तो जनता के दुख दर्द को देखें। ये सिर्फ उनकी नहीं बल्कि सभी MLA और मंत्रियों की आवाज है''। ये बोल हैं हरियाणा के मंत्री अनिल विज के। अनिल विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें किसी बड़े नेता ने हराने की कोशिश की और उनपर हमला हुआ आज 100 से ज्यादा दिन बीत चुके है लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई। अब उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, कैबिनेट मंत्री अनिल विज अपनी ही सरकार से नाराज़ हो गए हैं, क्योंकि सरकार में उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। मंत्री विज की बातों को सीएम नायब सिंह सैनी भी तवज्जो दे रहे हैं।

अनशन की दी चेतावनी

ऐसे में गब्बर सिंह के नाम से मशहूर अनिल विज ने अनशन तक की चेतावनी अपनी ही सरकार को दे डाली है। उन्होंने कहा कि वे अब जनता दरबार नहीं लगाएंगे और ग्रेवियांस कमेटी की मीटिंग्स में भी शामिल नहीं होंगे। साथ ही उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान नेता डल्लेवाल की तरह आमरण अनशन करने की बात भी कह डाली है। 

अनिल विज की नहीं सुनी गई बात

चलिए आपको बताते हैं कि अनिल विज अपनी ही सरकार से क्यों नाराज़ हो गए हैं। अंबाला के विधायक और मंत्री अनिल विज ने कुछ समय पहले शहर में जनता दरबार लगाया था। इस दौरान उन्होंने एक SHO को लताड़ लगाई थी और उसी समय DGP को सस्पेंशन ऑर्डर जारी करने के आदेश दिए थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके अलावा, अनिल विज अंबाला प्रशासन में भी बदलाव चाहते थे। लेकिन भाजपा सरकार ने कोई प्रशासनिक बदलाव और ट्रांसफर नहीं किया। लेकिन दूसरी तरफ कई जिलों के DC और ACP बदल दिए गए, लेकिन विज के कहने पर अंबाला में कुछ नहीं हुआ। 

क्या ये पुरानी अनबन है?

अनिल विज के नाराज़ होने के पीछे सिर्फ यही बात नहीं है बल्कि उनकी और सीएम नायब सिंह सैनी के बीच शुरू से ही खटपट है, क्योंकि जब नायब सैनी पहली बार सीएम बने थे तो विज ने उनका विरोध किया था। उस दौरान चंडीगढ़ में विधायक दल की मीटिंग भी विज ने छोड़ दी थी। बाद में सैनी कैबिनेट में भी विज को शामिल नहीं किया गया था। 

भले ही नायब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री हों, लेकिन अनिल विज हरियाण और भाजपा के दिग्गज नेता हैं, इसलिए हो सकता है कि इसलिए ही सीएम नायब सिंह सैनी का अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। अब अगर हरियाणा के सीएम का कोई जवाब आता है तो डाइनामाइट न्यूज़ आपको अवगत करवाएगा। साथ ही अब देखना होगा कि हरियाणा की राजनीति क्या नया मोड़ लेती है।

No related posts found.