हिंदी
नई दिल्ली: यूपी फतह के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में एमसीडी चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम चुनाव के मद्देनजर अमित शाह ने रामलीला मैदान में पार्टी के उन कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिन्हें बूथ स्तर की जिम्मेदारी दी गई है। पंचपरमेश्वर नाम से आयोजित इस सम्मेलन में बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता दिल्ली सरकार के घोटाले बताएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि MCD चुनाव में बीजेपी के जीत का परचम लहराएगा।

रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि तीन साल में मोदी सरकार पर एक भी आरोप नहीं लगा। अरविंद केजरीवाल अभी से उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से जो वादे किये थे, उनमें से एक वादे भी पूरे नहीं हुए। अमित शाह ने अपने संबोधन में केजरीवाल सरकार पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली में 'आप' सरकार ने भ्रष्टाचार किया है। 'आप' के भ्रष्टाचार की लिस्ट काफी लंबी है। उन्होंने कहा कि जलबोर्ड, स्ट्रीट लाइट, महिला आयोग आदि में दिल्ली सरकार ने घोटाले किए हैं।

आपको बता दें, MCD चुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और 26 अप्रैल को इसके नतीजे आएंगे। वहीं, चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने अब तक 216 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर चुकी है। फिलहाल, दिल्ली के तीनों नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा है। जिसे कांग्रेस और आम आदमी पार्टी कड़ी टक्कर दे रही है।
Published : 25 March 2017, 2:53 PM IST
No related posts found.