अंबेडकर नगर: शादी में फास्ट फूड खाने से 70 से अधिक लोगों की हालत बिगड़ी, अस्पताल में इलाज जारी, क्षेत्र में हड़कंप

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में मंगलवार की रात शादी में शामिल होने गए करीब 80 लोग की फूड प्वाइजनिंग से तबियत खराब हो गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट



अंबेडकरनगर: जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र में एक मंगलवार की रात शादी समारोह में विषाक्त भोजन करने से करीब 80 लोगों की तबियत खराब हो गई। ज्यादातर लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गई। बारातियों और घरातियों दोनों की तबियत खराब होने के बाद आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।  

कुछ लोगों को इलाज के लिए जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार अकबरपुर जिला अस्पताल में 70 लोगो को फूड प्वाइजनिंग के बाद भर्ती कराया गया। जिसके बाद स्थिति में सुधार होने के बाद करीब 35 लोगों को जिला अस्पाल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं करीब 35 लोगों का अब भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 
मामला जलालपुर थाना क्षेत्र के रतना गांव का है।

यह भी पढ़ें: स्कूल में विषाक्त भोजन खाने से 30 छात्रों की हालत बिगड़ी

जानकारी के अनुसार रतना गांव के राम नयन प्रजापति के बेटे की बारात बेवाना थाना क्षेत्र के अटंगी गांव के सीताराम प्रजापति के घर आई थी। सब कुछ बहुत ही अच्छे से चल रहा था, हर तरफ खुशी का माहौल था। बारातियों के लिए नाश्ते और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। लेकिन नाश्ते और भोजन के बाद बारातियों और घरातियों के लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गई। पहले एक दो लोगों को शुरू हुआ तो इसे सामान्य रूप से लिया गया, लेकिन देखते ही देखते यह संख्या बढऩे लगी और वहां मौजूद अधिकतर लोगों को उल्टी और दस्त शुरु हो गई। जिसके बाद वहां पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। 

तबियत खराब होने के बाद कुछ लोगों को जलालपुर में जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। हालांकि फूड प्वाइजनिंग कैसे हुई अभी तक इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। खाद्य सुरक्षा विभाग मामले की जांच कर पता लगाएगी की कौन से भोजन में दिक्कत थी। 
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि करीब 70 लोगों को जिला अस्पताल में फूड प्वाइजनिंग के बाद भर्ती कराया गया है। जिसमें से करीब आधे लोगों को स्थिति में सुधार होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं करीब 35 लोगों का जिला अस्पताल में अब भी इलाज चल रहा है। 

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि बीमार लोगों से बातचीत करने पर पता चला कि रसमलाई और चाऊमीन खाने के बाद सभी की हालत बिगड़ी है। सभी को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

सीएमओ डॉ. राजकुमार और जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओमकाश लगातार मरीजों की देखभाल में लगे हैं। सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। 










संबंधित समाचार