
नई दिल्ली: दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित बाबा भोले नाथ की पवित्र अमरनाथ गुफा का द्वार भक्तों के लिए खुल गया है। श्रद्धालुओं का पहला जत्था पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए पहुंच चुका है। अमरनाथ के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उल्लास है। शुक्रवार को पवित्र अमरनाथ गुफा की मनमोहक आरती का वीडियो सामने आया है।
इस वीडियो में पुजारी और पंडित मिलकर शुक्रवार सुबह बाबा बर्फानी की आरती कर रहे है।
वहीं सभी श्रद्धालुओं के आरती गाते हुए हर-हर महादेव का जयकार करते दिख रहे हैं, आरती के दौरान घंटियों की गूंज पूरे आसपास के माहौल को और भक्तिमय बना रही है।
बता दें कि कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश के कारण शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा अस्थाई तौर पर स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बालटाल और पहलगाम, दोनों ही मार्गों पर खराब मौसम को देखते हुए यात्रा अस्थाई रूप से स्थगित कर दी गई है।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘यात्रा स्थगित कर दी गई है और किसी श्रद्धालु को आज सुबह गुफा की ओर जाने की अनुमति नहीं है।’’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रामबन) मोहिता शर्मा के अनुसार, जिले के चंदेरकोट इलाके में यात्रा स्थगित कर दी गई है।
Published : 7 July 2023, 1:36 PM IST
Topics : Amarnath Amarnath yatra Har Har Mahadev अमरनाथ आरती जम्मू कश्मीर पवित्र बाबा भोले नाथ हिमालय